
तहलका न्यूज,बीकानेर।केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों के बीकानेर शहर में जल्द ही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 75 हाईटेक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारम्भ हो जाएगा। रवि शेखर मेघवाल ने बताया कि ई-बसों के संचालन से बीकानेरवासियों को सस्ती,सुरक्षित और आधुनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। मेघवाल ने बताया कि केन्द्रीय कानून मंत्री के लगातार प्रयासों से केन्द्र सरकार द्वारा 125 बसों के संचालन हेतु प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत स्वीकृति मिली है,जिसके अन्तर्गत पहले चरण में 75 ई-बसों का संचालन शीघ्र ही प्रारम्भ हो रहा है।इन ई-बसों के संचालन से बीकानेर शहर को ग्रीन और मॉर्डन ट्रांसपोर्ट की दिशा में नई पहचान मिलेगी तथा प्रदूषण मुक्त बीकानेर का सपना साकार होगा।ई-बसें चलने से प्रदूषण में कमी आयेगी और बीकानेर शहर की हवा साफ हागी।ये बसें कम शोर करती है,जिससे ध्वनि प्रदूषण भी घटेगा।ई-बसों के चार्जिंग हेतु महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के पास चार्जिंग डिपों व अत्याधुनिक वर्कशॉप लगभग बनकर तैयार हो चुका है।इन ई-बसों का संचालन बीकानेर शहर के आस-पास के गांवों तक भी किया जाएगा,जिससे प्रतिदिन बसों का उपयोग करने वाले श्रमिकों एवं ग्रामीणों को भी महंगाई से काफी राहत मिलेगी।यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यात्रा मिलेगी। ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होंगे।जब तक ई-बस का दरवाजा बंद नहीं होगा, बस नहीं चलेगी।बस में तापमान बढ़ने पर अलार्म बजने लगेगा।बस में जीपीएस सिस्टम भी कनेक्टेड होगा।ई-बसों में दिव्यांगजनों की सुविधा का भी पूर्ण रूप से ध्यान रखा गया है।प्रत्येक बस में एक व्हील चेयर रहेगी। साथ ही बस में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे।इन वातानुकूलित बसों में चार सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।आरक्षित सीटों का रंग पिंक होगा।इन ई-बसों का संचालन देशनोक,कोडमदेसर,उदासर,नाल,उदयरामसर,रायसर,शोभासर,हुसंगसर, गंगाशहर,भीनासर आदि गांवों तक होगा।साथ ही बीकानेर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल जूनागढ फोर्ट एवं लक्ष्मीनाथ मंदिर तक भी इन बसों का संचालन किया जाएगा।इससे देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को बीकानेर का इतिहास जानने की सुविधा मिल सकेगी।प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बीकानेर को ई-बसों की सौगात देने के लिये रविशेखर मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार जताया है
