



तहलका न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में पूर्व सरपंच की उसी के भतीजे ने कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद से उसका भतीजा फरार है,ऐसे में पुलिस को उसी पर शक है।जानकारी के अनुसार जिले के श्रीडूंगरगढ़ के धीरदेसर चोटियान गांव में गुरूवार रात को यह हत्या की गई है।
दो पक्षों के बीच हुआ था झगड़ा
श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बताया कि पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया (70) और उसके भतीजे बलबीर के बीच देर रात झगड़ा हुआ था। दोनों में दुकान को लेकर विवाद था।आशंका है कि बलबीर ने मेघराज की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी। झगड़े दौरान मेघराज की पत्नी रामी देवी घर पर ही थी,लेकिन वो सो रही थी।शुक्रवार सुबह उसने मेघराज को लहूलुहान देखा तो बेटों व अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस को भी शुक्रवार सुबह ही सूचना दी गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कई बार समझाइश की कोशिश हुई थी। उम्मीद नहीं थी कि विवाद इतना बढ़ सकता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कई बार समझाइश की कोशिश हुई थी। उम्मीद नहीं थी कि विवाद इतना बढ़ सकता है।
भतीजे को ढूंढ रही है पुलिस
पुलिस सुबह से बलबीर को ढूंढ रही है। कई जगह दबिश भी दी है। जानकारी के अनुसार मेघराज वर्ष 2005 से 2010 तक धीरदेसर चोटियान गांव के सरपंच थे।तभी से उनके परिवार में दुकान को लेकर विवाद था। पिछले दिनों गांव के कुछ लोगों की मध्यस्थता के बाद समझौता भी हुआ,लेकिन बलबीर इस समझौते को लेकर नाखुश था।इसी कारण वो गुरुवार देर रात झगड़ा करने पहुंचा। अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।