तहलका न्यूज,बीकानेर। बीकानेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़कर देश की सर्वोच्च सदन में बैठने वाले पूर्व सांसद अब इस दुनिया को अलविदा कह गये। आज सिने स्टार धर्मेन्द्र के निधन के साथ ही बीकानेर के पूर्व सांसदों की यादें की अब उनके समर्थकों के दिलों में रह गई है। 89 साल के धर्मेंद्र ने सोमवार दोपहर अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान भूमि में हुआ,जिसमें अमिताभ बच्चन,सलमान खान,संजय दत्त,आमिर खान समेत कई सेलिब्रेटी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक जताया।दोपहर में उनके घर के बाहर एम्बुलेंस पहुंची थी और विले पार्ले श्मशान भूमि में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से श्मशान घाट पहुंचाया गया।धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया। इस दौरान उन्हें वैंटिलेटर में रखा गया। मीडिया में उनके निधन की खबर भी आई, जिसे परिवार ने नकार दिया। 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और डॉक्टरों ने घर पर ही उनके आगे के इलाज की बात कही थी।

बीकानेर में काफी रहे विवादों में

धर्मेंद्र 14 वीं लोकसभा में साल 2004 से 2009 तक बीकानेर से सांसद रहे थे। सांसद रहते हुए वे काफी विवादों में रहे थे।यहां तक कि जब वे एक साल तक क्षेत्र में नहीं आए तो किसानों ने ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर तक लगा दिए थे। इसी बीच वे हिटलर राज की तारीफ करके विवादों में आ गए थे।सभी जानते थे कि धर्मेंद्र सांसद के रूप में बीकानेर बहुत कम रहे, लेकिन मुंबई में रहकर भी बीकानेर की सूरसागर समस्या का निराकरण करने में मुख्य भूमिका निभाई।2004 में कांग्रेस ने अपने पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी को फिर से मैदान में उतारा तो भाजपा ने एक कदम आगे बढ़ते हुए फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को प्रत्याशी बना दिया था। जाट वोट बैंक पर तगड़ा उम्मीदवार सामने आने के बाद भी रामेश्वर डूडी ने धर्मेंद्र को कड़ी टक्कर दी।अंत में जब धर्मेंद्र और डूडी के बीच मुकाबला कांटे का हो गया तो धर्मेंद्र ने बेटों सनी और बॉबी देओल को बीकानेर बुलाया था। इन दोनों ने रेलवे स्टेडियम में एक जनसभा की थी। इसके बाद शहरी क्षेत्र में माहौल बदल गया और धर्मेंद्र 57 हजार वोटों से चुनाव जीत गए थे। खास बात यह थी कि बीकानेर शहर के अलावा सभी सीटों से धर्मेंद्र पीछे रहे थे।

ये रहे है अब तक पूर्व सांसद
पहली 1952-57      महाराजा करणी सिंह           निर्दलीय
दूसरी 1957-62      महाराजा करणी सिंह           निर्दलीय
तीसरी 1962-67     महाराजा करणी सिंह          निर्दलीय
चौथी 1967-71        महाराजा करणी सिंह          निर्दलीय
पाँचवी 1971-77      महाराजा करणी सिंह         निर्दलीय
छठी 1977-80        हरिराम मक्कासर              जनता पार्टी
सातवीं 1980-84    मनफूल सिंह चौधरी          भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आई
आठवीं 1984-89    मनफूल सिंह चौधरी          भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
नौवीं 1989-91      श्योपत सिंह मक्कासर        मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी
दसवी 1991-96     मनफूल सिंह चौधरी            भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
ग्यारहवीं 1996-98    महेंद्र सिंह भाटी              भारतीय जनता पार्टी
बारहवी 1998-99    बलराम जाखड़                 भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
तेरहवी 1999-04    रामेश्वर लाल डूडी             भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
चौदहवीं 2004-2009    धर्मेन्द्र                    भारतीय जनता पार्टी