
तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के लूणकरणसर थाना इलाके में दर्दनाक मामला सामने आया है।जिसमें बुजुर्ग दंपति की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई।बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी की हत्या कर 24 घंटे बाद खुद फांसी के फंदे पर झूल गया।जानकारी के अनुसार कालवास गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद सुसाइड कर लिया।मर्डर के बाद करीब 24 घंटे तक पति लहूलुहान शव के आसपास घूमता रहा। इसके बाद खुद फंदे पर झूला। पोता फोन चार्ज करने दादा-दादी के घर गया तो घटना की जानकारी सामने आई।
सबसे पहले पोते ने दोनों की बॉडी देखी
लूणकरणसर सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि धनपत बावरी (60) और पत्नी जीतो बावरी (55) दोनों अकेले रहते थे। इनके दो बेटे हैं। दोनों पास की ढाणी में रहते हैं।बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे इनका पोता तनु (12) स्कूल जाने के लिए निकला था। स्कूल से पहले वह फोन चार्ज करने के लिए दादा-दादी के घर चला गया।घर में एक साथ दो लाशें देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आंगन में दादी का लहूलुहान शव और अंदर कमरे में दादा फंदे पर झूलते मिले थे। उसने दादा के ही फोन से फौरन अपने पिता को कॉल किया और पूरी बात बताई।
नशा करता था पति,अक्सर होती थी लड़ाई
लूणकरणसर थाना अधिकारी गणेश विश्नोई ने बताया कि जीतो बावरी का शव गलने लगा था। पति ने सिर पर हमला कर हत्या की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि धनपत नशा करता था। इसकी वजह से पत्नी से अक्सर उसकी लड़ाई होती थी।
19 जनवरी की रात पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा
सीओ ने कहा कि पड़ोसियों से पूछताछ की गई है। पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच 19 जनवरी की रात करीब 11 बजे झगड़ा हुआ था।दोनों के एक-दूसरे पर चिल्लाने की आवाज घर से बाहर भी आ रही थी।20 जनवरी की सुबह धनपत ही दिखा था।उसकी पत्नी को किसी ने नहीं देखा।प्रारंभिक जांच में यही लग रहा है कि 19 जनवरी की रात को ही धनपत ने पत्नी का मर्डर कर दिया था।इसके बाद 20 जनवरी की रात खुद सुसाइड कर लिया। दोनों शवों को लूणकरणसर के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच की जा रही है।
घर से 3 किलोमीटर दूर ढाणी में रहते हैं दोनों बेटे
पुलिस के अनुसार, धनपत के बेटे लखविंदर उसकी पत्नी पोपादेवी और दूसरा बेटा राजू और उसकी पत्नी राधा दोनों करीब 3 किलोमीटर दूर ढाणी में रहते हैं।बुजुर्ग दंपती गांव में खेत पर रहते थे। पूरा परिवार खेती-बाड़ी करता है।
