तहलका न्यूज,बीकानेर। पुष्करणा सावा की रंगत अब परवान चढ़ गई है।सावे से एक रात पहले दूल्हा-दुल्हन का विवाह निर्विघ्न हो तथा मार्ग में किसी तरह की कोई कठिनाई व परेशानी नहीं हो इसलिए वैदिक मंत्रोंचार व चेतन दीपक के साथ गणेश परिक्रमा निकाली गई। प्रथम पूजनीय देव से प्रार्थना की गई की मांगलिक कार्य सुख-सम्पति में हर्षोल्लास से हो। छींकी के दौरान वर-वधु एक दूसरे के घर गए। इस दौरान हर उम्र के लोग ओम ना शू शीं सा-ओम बरखा ओम …..का वैदिक मंत्र गाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे थे। महिलाओं ने मांगलिक गीतों के साथ सोमवार को परिण्य सूत्र में बंधने वाले दम्पति के मंगलमय जीवन की कामना की। अधिकतर बनड़ी गणेश परिक्रमा के दौरान तिपहिया वाहन व चौपहिया वाहन में गए वहीं कई बनड़े ऐसे भी थे जिन्होंने शहर की सकड़ी गलियों में यातायात जाम होने के व समय अधिक लगने के भय से मोटर साइकिल व पैदल ही गणेश परिक्रमा कर मांगलिक अनुष्ठान का एक महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया। उनके साथी भी पैदल व मोटर साइकिलों पर थे।

दुल्हनों को किया गया सम्मान
सावे के दौरान निकाली जाने वाली गणेश परिक्रमा में इस दफा नवाचार भी देखने को मिला। जहां परिणय सूत्र में बंधने वाली कन्याओं का सावित्रि देवी कल्ला चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सम्मान किया गया। ट्रस्ट के महेन्द्र कल्ला ने बताया कि गणेश परिक्रमा में सबसे पहले बारह गुवाड़ चौक पहुंचने वाली 25 कन्याओं को साड़ी,3100 रूपये की शगुन राशि भेंट की गई।

विष्णुरूप में जायेंगे दुल्हे
पुष्करणा समाज की पुरानी परम्परा का निर्वहन करते हुए अनेक दूल्हें विष्णु स्वरूप् में यानि पीताम्बर,रेशमी गुलाबी बनियान तथा सिर पर खिड़किया पाग पहन कर,मुंह पर रूमाल लगाए हाथ में चांदी की छड़ी जिसे स्थानीय भाषा में गडिय़ा लिए उनी कम्बल के नीचे पैदल चलते हुए विवाह स्थल पर पहुंचेंगे। विष्णु स्वरूप् दूल्हे ंके साथ बैंड पार्टी की बजाए उनके रिश्तेदार होंगे जो केसरियो लाडो जीवतो रइजै आदि का उद्घोष करते हुए चलेंगे। महिलाओं का समूह भी पारम्परिक मंगलकामना के गीत गाएंगी। अनेक सामाजिक एवं स्वयं सेवी संस्थाओं ने विष्णु स्वरूप् दूल्हे का सम्मान करने तथा अनेक तरह के गिफ्ट पैकेज से उसके सत्कार व सम्मान करने की घोषणा की है। सावित्रि देवी कल्ला चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर प्रथम आने वाले दुल्हों को 51000 रू,द्वितीय को 31000 रू तथा तृतीय को 21000 रूपये की नकद राशि के साथ आठ दुल्हों को 5100 रूपये भेंट किये जाएंगे। वहीं पूर्व पार्षद मनीष पुरोहित ‘नटसा के द्वारा पुष्करणा सामाज की इस परम्परा के प्रोत्साहन हेतु एक अनूठा नवाचार करते हुए घोषणा की गई है ओलंपिक सावा के दौरान नत्थूसर गेट क्षेत्र में जोशी आइसक्रीम के सामने से गुजरने वाली समस्त बारातों में शरीक महिला बारातियों को उपहार स्वरूप साड़ी सहित शकुन दिया जाएगा। साथ ही पुरुष बारातियों को जऱी का दुपट्टा ओढ़ाया जाएगा।श्री पुष्टिकर ब्राह्मण सामूहिक सभा व्यवस्था समिति की ओर से विष्णुवेश में बहुत ही अच्छे स्वरूप दोपहर 4:00 बजे से 5:00 के मध्य आने वाले प्रथम दूल्हे को 11000 रू द्वितीय को 7100 और तृतीय को 5100 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। शंकर लाल जी हर्ष के स्मृति में स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया जाएगा। मुख्य मंच पर कई आकर्षक पुरस्कार भी अनिल संस्थान प्रदान करेंगे। कर्मवान फाउंडेशन द्वारा विष्णु रूपी दूल्हों का सम्मान किया जाएगा। जिसमें मोटरसाइकिल,एलईडी टीवी और वाशिंग मशीन जैसी वस्तुएं पुरस्कार के रूप में दी जा एगी। पत्रकारों को जानकारी देते हुए वेद व्यास ने बताया कि 5 बजे के बाद विष्णु रूप में आने वाले 11 दूल्हों का सम्मान होगा। जिसमें पहले दूल्हे को मोटरसाइकिल,दूसरे को एलईडी टीवी ओर तीसरे दूल्हे को वाशिंग मशीन प्रदान की जाएगी। इतना ही नहीं प्रथम तीन के बाद शेष सात दूल्हों को मिक्सर व जूसर प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा भी अनेक संस्थाएं दुल्हों को सम्मानित करेगी।

सजावट व विशेष रोशनी
शहर में पुष्करणा समाज की करीब डेढ़ सौ से अधिक युवतियों की शादियों के कारण हर गली मोहल्ले में रोशनी की सजावट से घर व भवन जगमग करते नजर आ रहे है। अनेक मार्गों पर विशेष रोशनी लगाई गई है जिससे राहगिरों को किसी तरह की तक लीफ नहीं हो। मोहता चौक ,हर्षों चौक,बारह गुवाड़,नत्थूसर गेट के अंदर तक के मार्ग पर अधिक रोशनी व रौनक है। यहीं आलम दम्माणी चौक व अन्य चौक व मोहल्लों का है। कई मोहल्लों व चौकों में सामाजिक संस्थाओं की ओर से स्वागत के फोटोयुक्त बैनर भी लगाए गए है। मोहल्लों में डीजे पर वैवाहिक गीत गाए जा रहे है।

अतिरिक्त नफरी लगाई
जिला व पुलिस प्रशासन ने पुष्करणा समाज सामूहिक सावे के मध्य नजर रखते हुए यातायात को सुगम बनाने आदि कायों के लिए पुलिस की अतिरिक्त नफरी तैनात की है। पुलिस की नफरी के बावजूद सामाजिक कार्य होने के कारण विभिन्न सामाजिक एवं स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि विभिन्न व्यवस्थाओं को माकूल बनाने में जुटे है। पुलिस वालों को कहते है कि भाईजी थैतो खड़ा रैवो,म्है अबार व्यवस्था ठीक करदा ं।

डीजे-ताशे,बैंड सब हो गए बुक
पुष्करणा सावे में बड़ी संख्या में दुल्हे विष्णु रूप में विवाह करने जाते हैं ऐसे में ताशे डीजे अधिक बुक रहते हैं। सावे में दौरान बड़ी संख्या में पुष्करणा समाज के साथ-साथ अन्य जाति वालों के भी विवाह होंगे। ऐसे में बैंड भी खाली नहीं है। श्याम बैंड के संचालक का कहना है कि पुष्करणा जाति के यहां हालांकि बैंड वालों की बुकिंग कम है,लेकिन दूसरी शादियों के कारण 10 फरवरी को कोई भी बैंड खाली नहीं मिलेगा।

सावा देखने पहुंचे प्रवासी
कल होने वाले पुष्करणा सावे में बड़ी संख्या में प्रवासी बीकानेर पहुंचे हैं। इन में पुष्करणा जाति के साथ-साथ अन्य जाति के लोग भी शामिल हैं। ये प्रवासी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों के अलावा कोलकत्ता,बैंगलूर,मुंबई आदि स्थानों से बीकानेर पहुंचे हैं।

शहर का हर व्यक्ति होगा बाराती
कल होने वाले पुष्करणा सावे में परकोटे के भीतर शहर में सैकड़ों विवाह होंगे। शहर का हर व्यक्ति बाराती होगा। विवाह वाले परिवारों में विवाह की रस्मों के साथ विवाह गीतों की सुरलहरियां गूंज रही है। पाग-साफा पहने लोग। सजी-धजी महिलाओं से शहर में सावे की चहल-पहल तेज होती दिख रही है। दिन से लेकर देर रात तक बारह गुवाड़,मोहता चौक,हर्षों का चौक,रत्ताणी व्यासों का चौक,साले की होली,नत्थूसर गेट सहित विभिन्न चौकों में सावे को लेकर की जा रही तैयारियों को परवान पर चढ़े देखा जा रहा है। पाटों पर देर रात तक लोगों की सावे पर चर्चाएं। सावे पर विभिन्न संस्था-संगठनों की ओर से किए जा रहे सेवा कार्य शहर की सामूहिक भाव की संस्कृति को परवान पर चढ़ाते नजर आ रहे है।