तहलका न्यूज,बीकानेर।“हारे का सहारा,बाबा श्याम हमारा”के जयघोष के साथ बीकानेर एक बार फिर बाबा श्री श्याम की भक्ति में सराबोर होने जा रहा है।श्री श्याम मित्र मंडल,बीकानेर द्वारा शनिवार,26 सितंबर को रिद्धि सिद्धि पैलेस में भव्य वार्षिक श्री श्याम कीर्तन एवं श्री श्याम अखाड़ा 2.0 का आयोजन किया जाएगा।आयोजन को लेकर समिति कार्यालय में अध्यक्ष नरेंद्र खत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से कार्यक्रम की तिथि तय की गई तथा ई-पोस्टर का लोकार्पण किया गया।
विशेष आकर्षण – “एक अर्जी बाबा के नाम”
इस वर्ष आयोजन का सबसे विशेष और भावनात्मक अभियान”एक अर्जी बाबा के नाम”रहेगा।समिति ने सभी श्याम प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे वार्षिक श्री श्याम कीर्तन में शामिल होते समय अपनी मनोकामना,प्रार्थना या अर्जी बाबा श्री श्याम के नाम लिखकर अवश्य साथ लाएँ और वहां लगाए अर्जी बॉक्स में डाल देवे।इन सभी अर्जियों को अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ श्री खाटू धाम ले जाकर बाबा श्री श्याम के पावन श्रीचरणों में अर्पित किया जाएगा।समिति सदस्यों ने कहा कि बाबा श्री श्याम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं,बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास, उम्मीद और कृपा के प्रतीक हैं। जो भी भक्त निष्काम भाव,सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा के चरणों में अपनी अर्जी लगाता है, बाबा उसे कभी निराश नहीं लौटाते। इसी विश्वास के कारण उन्हें प्रेमपूर्वक “हारे का सहारा” कहा जाता है।
खाटू धाम के संतों की पावन उपस्थिति
इस दिव्य आयोजन में पूज्य मोहनदास महाराज एवं श्याम सिंह महाराज (खाटू धाम) की पावन उपस्थिति रहेगी। उनके सानिध्य में आयोजित होने वाला श्री श्याम अखाड़ा 2.0 श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
भक्ति, श्रृंगार और दिव्यता का अनुपम संगम
कार्यक्रम में बाबा श्री श्याम का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार,सुगंधित केसर एवं इत्र वर्षा, दिव्य छप्पन भोग तथा संगीतमय श्री श्याम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।संपूर्ण वातावरण श्याम नाम के जयघोष,भक्ति रस और आध्यात्मिक उल्लास से गूंज उठेगा।
समिति का आह्वान
श्री श्याम मित्र मंडल ने सभी श्याम भक्तों से परिवार सहित आयोजन में पधारकर बाबा के श्रीचरणों में अपनी अर्जी प्रस्तुत करने और आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।समिति ने बताया कि आयोजन को भव्य,सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरे उत्साह के साथ अंतिम चरण में हैं।26 सितंबर को आयोजित इस भव्य वार्षिक श्री श्याम कीर्तन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएँ।
