




तहलका न्यूज,बीकानेर।मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर उस समय मुस्कान लौट आई,जब बीकानेर रेंज पुलिस ने तकनीकी प्रयासों से उनके गुम हुए मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बीकानेर रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल ने रेंज के जिला पुलिस के समन्वय,सहयोग और तकनीकी सहायता से एक माह में 200 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं।इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए।
तीन दिन से चार साल पुराने थे मोबाइल
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल अलग-अलग अवधि से गुम थे।इनमें पिछले तीन दिन से लेकर करीब चार साल पहले तक गुम हुए मोबाइल शामिल हैं।तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस टीम ने इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।धारकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
अधिकारियों की मौजूदगी में सौंपे मोबाइल
मोबाइल सुपुर्दगी के दौरान बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार भदौरिया और सुखविन्द्र पाल सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक प्रहलाद राय सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में रेंज कार्यालय के सहायक उप निरीक्षक विमलेश कुमार,कांस्टेबल बाबूलाल डूडी,बीकानेर जिला पुलिस के कांस्टेबल गोविन्द सिंह,श्रीगंगानगर के कांस्टेबल विनोद कुमार,हनुमानगढ़ की महिला कांस्टेबल रानी तथा चूरू के कांस्टेबल सुनील कुमार की भूमिका रही।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन या अन्य सामान गुम होने पर तुरंत संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें।पुलिस तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध माध्यमों के जरिए गुम सामान को तलाश कर वास्तविक धारक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करती है।पुलिस ने साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि नशा न करें,न करने दें और नशे के अवैध कारोबार को पनपने दें।आसपास नशे से जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
