20260921_152328

भाजपा प्रत्याशी को 20 वोटों से दी मात
तहलका न्यूज,बीकानेर। महापौर चुनाव को लेकर सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने जीत दर्ज कर ली है।उन्हें 50 वोट हासिल हुए।जबकि भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह शेखावत को महज 30 वोट मिले।उनके जीत के साथ ही समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।इससे पहले बीकानेर नगर निगम सभागार में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गयी है।मतदान शुरू होने के साथ ही सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह शेखावत मतदान करने निगम पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला ने मतदान किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के प्रभारी,जिलाध्यक्ष,पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत,देहात अध्यक्ष बिसनाराम सियाग आदि ने मोर्चा संभाले रखा। महापौर के चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई जो दोपहर 2 बजे तक नगर निगम सभागार में चली।महापौर का पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने से चुनाव मैदान में बीकानेर पूर्व और बीकानेर पश्चिम से चुने गये पार्षद प्रत्याशी खड़े हुए है।रिटर्निंग अधिकारी रीना के नेतृत्व में सोमवार को आरओ सेल में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव तैयारियों में जुटे रहे। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)चक्रवर्ती सिंह,आरपीएस आकांक्षा गोदारा,सीओ सिटी अनुज डाल,मुक्ता प्रसाद थानाधिकारी विश्वजीत सिंह,सदर थानाधिकारी राजेश कुमार,बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता ने नगर निगम पहुंचकर चुनाव और मतगणना की तैयारियों सहित अन्य व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला,शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल,देहात अध्यक्ष बिसनाराम सियाग,शिवलाल गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस व भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भाजपा के विधायक जेठानंद व्यास,भाजपा प्रभारी महावीर सैनी,मोहन सुराणा,अशोक प्रजापत,अध्यक्ष सुमन छाजेड़,अशोक भाटी आदि की उपस्थिति रही।

बसों में आएं भाजपा-कांग्रेस के पार्षद
वोटिंग के दौरान दोनों ही दलों के पार्षद बसों में सवार होकर मतदान स्थल पहुंचे। कांग्रेस की बस में त्रिलोकी कल्ला,भंवर कूकणा,विक्की चढ्ढा कांग्रेस के पार्षदों को लेकर पहुंचे। तो भाजपा विधायक जेठानंद व्यास,डॉ सत्यप्रकाश आचार्य,शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ तथा मोहन सुराणा भाजपा पार्षदों को लेकर मतदान करवाने पहुंचे। इससे पहले तीन निजी कारों में निर्दलीय पार्षदों को लेकर बाउंसर पहुंचे। जब कांग्रेस की बस लेकर कांग्रेसी पार्षद पहुंचे तो पुलिस की ओर से बेरिकेटस पर ही बस को रोक लिया। जिससे एक बारगी माहौल गर्मागया। नारेबाजी के बाद माहौल गर्म होता देख पुलिस ने निगम के मुख्य गेट तक बस को आने की इजाजत दे दी।

पार्षदों को ही प्रवेश
महापौर चुनाव में नगर निगम क्षेत्र के 80 वार्डों से निर्वाचित पार्षद मतदान किया।जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने बताया कि मतदान पर मोबाइल,बीडी-सिगरेट,गुटखा आदि ले जाने पर प्रतिबंध रहा।मतदान स्थल से दो सौ मीटर तक बेरिकेडिंग की गई। जिसमें केवल पार्षदों को ही प्रवेश दिया गया।

कल्ला ने गिनाई प्राथमिकताएं
कल्ला ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि वे सभी पार्षदों के साथ बैठकर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के लिये काम करेंगे।इसके अलावा शहर की प्र्रकाश व्यवस्था,नालियों के निर्माण सहित अनेक कमियों को दूर करने के लिये सभी के सहयोग से काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिये प्लान बनाया जाएगा।जिससे निगम आत्मनिर्भर बन सकें और आर्थिक हालात सुधरें। महापौर कल्ला ने सभी साथी पार्षदों व निर्दलीय पार्षदों को बधाई देते हुए शहरवासियों का आभार जताया और सहयोग की अपील की।

जनता के विश्वास को रखेंगे कायम
पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने कहा कि जिस प्रकार आमजन ने कांग्रेस पर बोर्ड बनाकर विश्वास जताया है। उस विश्वास को कायम रखेंगे। अनिल कल्ला सभी पार्षदों को साथ लेकर वार्ड स्तर तक समस्याओं का निस्तारण करेंगे।

क्रॉस वोटिंग बना चर्चा का विषय
कांग्रेस ने परिणामों के बाद बहुमत हासिल कर 42 सीटें जीती। वहीं भाजपा 27 सीटों तक सिमट गई। 10 निर्दलीय और एक रालोपा के पार्षद जीतकर निगम पहुंचे। महापौर के चुनाव के दौरान जिस प्रकार का माहौल बना। उससे भाजपा के दावों पर पानी फेर दिया। भाजपा ने अपने 27 पार्षदों के अलावा आठ निर्दलीयों के साथ होने का दावा करते हुए 51 वोट हासिल करने की बात कही थी। लेकिन 35 वोटों की गणित लेकर कांग्रेस खेमें में सैंधमारी की सोचने वाली भाजपा महज 30 वोटों में सिमट गई। जो इस बात की ओर इशारा कर रहा था कि कही न कही भाजपा व समर्थित निर्दलीयों में से किसी न किसी ने क्रॉस वोट कर भाजपा को झटका दिया है। महापौर के परिणाम के उपरांत कांग्रेस को मिले 50 वोटों ने भाजपा खेमे की हवा निकाल दी और क्रॉस वोटिंग शहर भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

उप महापौर के लिये चुनाव कल
निकाय चुनाव के अंतिम चरण में 22 सितंबर को उप महापौर पद का चुनाव होगा। जिसमें 10 बजे बैठक होगी और 11 बजे नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 11:30 नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा और यदि आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा और उसके बाद परिणाम जारी हो जाएगा।