WhatsApp Image 2026-10-08 at 21.50.46

तहलका न्यूज,बीकानेर।जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा की ओर से साइबर अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर ठगी के रूपयों को अपने बैंक खातों में प्राप्त करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।ये आरोपी अपराधिक गैंगों के साथ मिलकर टेलीग्राम चैनल के द्वारा साइबर ठगी के रूपयों को यूएसडीटी में बदलकर अपने गैंग के सरगना को भेजते थे।साइबर थानाधिकारी शालिनी बजाज ने बताया कि इस गिरोह में शामिल रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र रोड़ नं पांच के निवासी 22 वर्षीय भरत नाई को पकड़ा है। इनके साथ बैंक खातों को कमीशन पर खरीदकर बेचने वाले दो बाल अपचारी को भी निरूद्व किया है। इनसे पूछताछ के दौरान ठगी गिरोह के साथ देश के आमजन से साइबर ठगी कर उनसे प्राप्त राशि को अपने व अपने अन्य साथियों के द्वारा खुलवाये गये खातों में प्राप्त कर अपने अपने कमीशन प्राप्त करते थे।

इस तरीके से करते थे ठगी
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने कबूला की वे बैंक खाते खुलवाकर उन खातों में रूपये प्राप्त करते थे। इनसे जब्त मोबाइल व बैंक खातों की तकनीकी विश्लेषण में उजागर हुआ कि आरोपी टेलीग्राम ऐप के माध्यम से भारत से बाहर बैठे साइबर ठगी गिरोह के मास्टर माइंडस से सीधे संपर्क में थे।ये फर्जी खाते खुलवाते और इन खातों की संपूर्ण जानकारी अपने साथियों व गिरोह के सरगनाओं को उपलब्ध करवाते।ठगी के शिकार लोगों से राशि प्राप्त होते ही मूल खाताधारक को अपने साथ ले जाकर एटीएम से तुरंत नकदी निकलवा लेते थे। निकाली गई नकदी में से अपनी कमीशन काटकर क्रिप्टो करेंसी खरीदते थे।इसके बाद ठगी गिरोह द्वारा दिए गये क्रिप्टो करेंसी क्यूआर स्कैनर पर डिजिटल करेंसी भेजकर ठगी के पैसों को सुरक्षित रूप से विदेशों में भिजवा देते थे। आरोपियों से प्राप्त बैंक खातों से 18 लाख रूपयों का लेनदेन पाया गया है।