तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के सदर थाना इलाके में नाले में एक जने के शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिस व्यक्ति का शव मिला है,उसके शरीर के कई अंग गायब है। हालांकि शव पांच से छ:दिन पुराना लगता है। जानकारी मिली है कि रानीबाजार पुलिए के पास बिजली विभाग कार्यालय के नजदीक बुधवार सुबह नाले में संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैफिक थाने के मोड़ के सामने सुबह नाले में एक शव पड़ा दिखाई दिया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव करीब 5 से 6 दिन पुराना होने की आशंका है। इतने दिनों तक नाले में डूबे रहने के कारण शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। हालत इतनी खराब थी कि शरीर के कई अंग गायब थे।

श्रीगंगानगर जिले का था मृतक
सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में काफी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला जा सका। दुर्गंध और गंदे पानी के कारण शव को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।पुलिस ने बताया कि मृतक श्रीगंगानगर जिले का 65 वर्षीय पेमाराम पुत्र लखूराम था। कैंसर से पीडि़त था और मानसिक रूप से भी अस्वस्थ बताया जा रहा है। वह 26 मार्च को अपने घर से बिना बताए निकल गया था। इसके बाद परिजनों ने 28 मार्च को पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी,जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

नाले से कुछ दूरी पर हैं दो पुलिस थाने
करीब सप्ताह भर पुराना शव जिस नाले में मिला,उससे कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक पुलिस और साइबर थाना भी मौजूद हैं। बावजूद इसके किसी को भी नाले में शव होने की भनक तक नहीं लगी। किसी राहगीर ने पुलिस को नाले में एक युवक के गिरे होने की सूचना दी। बाद में पता चला कि उसकी मौत काफी पहले हो चुकी है। शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।