




तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के खाजूवाला में तंत्र-मंत्र विद्या से रुपए डबल करने का झांसा देकर लगभग 50 लाख रुपए एठने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है तथा दो जने घायल हो गए। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक गिरोह कुछ दिनों से सक्रिय था। जिन्होंने तांत्रिक विद्या से रुपए डबल करने का लोगों को झांसा दिया। इस गैंग का मुख्य सरगना अजमेर का शैतान सिंह है जो कि पाँच-छ: लोगों के साथ खाजूवाला आया। बुधवार को बदमाश अजमेर से खाजूवाला आए थे। यहां गफार खां के सम्पर्क में आया। गफार खां जो कि जमीनों की दलाली का काम करता था। जिसको यह बताया कि रुपए डबल हो जाते है। वहीं शैतान सिंह ने गफार खां को पहले 50 हजार रुपए से एक लाख बनाकर वापस दिये। वहीं उसके बाद 1 लाख रुपए लिए जो 2 लाख रुपए बनाकर वापस लिये। इसके बाद उन्होंने कहा कि बड़ा रुपया लाओ।जिसके बाद गफार खां,सलमान खां व राजेन्द्र पूनियां ने लगभग 50 लाख रुपए इनको दिए। यह सारा तंत्र-मंत्र गफार के घर पर गुरुवार रात्रि को किया गया। जिसमें शैतान सिंह व उसके व्यक्तियों ने गफार,सलमान व राजेन्द्र को हलवा में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाई। जिससे ये तीनों बेहोश हो गए। वहीं इनको बेहोश कर शैतान सिंह व उसके साथ आए लोग भाग गए। शुक्रवार सुबह परिजनों द्वारा बीकानेर ले जाते समय गफार खां ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं सलमान की तबियत ठीक बताई जा रही है तथा राजेन्द्र अभी बीकानेर अस्पताल में भर्ती है। जिसकी तबियत गम्भीर बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस की टीम एक्टीव हो गई है, साथ ही बदमाशों के पीछे टीमें रवाना की है। गौरतलब है कि बताया जा रहा है कि खाजूवाला के एक डॉक्टर के इसमें 45 लाख रुपए थे। जो डबल करने के लिए दिए गए थे।