तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में लूटपाट की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके चलते आमजन में दहशत का माहौल है। हालात यह है कि बदमाश बेखौफ होकर दिन दहाड़े भी वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे है। ताजा मामला नयाशहर थाना इलाके के मुरलीधर व्यास कॉलोनी क्षेत्र का है। जहां स्कूटी सवार महिला से मोटरसाइकिल सवार युवकों ने लूटपाटकी। मुरलीधर व्यास कॉलोनी के सेक्टर-डी में मौसम विभाग कार्यालय के सामने वाली गली में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े चलती स्कूटी पर सवार महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक महिला अपनी छह वर्षीय बच्ची के साथ स्कूटी पर कहीं जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, स्कूटी के पास आकर अचानक झपट्टा मारा और महिला का पर्स छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।अचानक हुई इस घटना से महिला का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला और उसकी छह साल की बच्ची दोनों घायल हो गईं। हालांकि गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई,वरना बड़ा हादसा हो सकता था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पूरी वारदात कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है।
