तहलका न्यूज,बीकानेर। एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचारी पर शिकंजा कसते हुए एक कनिष्ठ सहायक पर कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपति मिली है। जानकारी मिली है कि पंचायतीराज विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार (छींपा) के खिलाफ एसीबी ने आज शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एसीबी की टीमों ने 05 ठिकानों पर एक साथ सर्च अभियान चलाया। उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव,एसीबी रेंज बीकानेर के सुपरविजन में की गई। टीम का नेतृत्व एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने किया। इसमें सीआई इंद्रकुमार की काफी सक्रियता रही।अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में विभिन्न स्थानों पर सर्च कार्रवाई अभी भी जारी है। एसीबी का कहना है कि मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

बीकानेर शहर से लेकर गांव तक छापेमारी
एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर कार्रवाई बीकानेर शहर की जयनारायण व्यास कॉलोनी,वैष्णोधाम के सामने स्थित मातेश्वरी एन्कलेव, जयपुर रोड,गंगाशहर के बागीनाडा क्षेत्र के साथ-साथ आरोपी के गांव पुनरासर और उसके पदस्थापन स्थल ग्राम पंचायत कानासर (पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी) में की गई।

घर से 75 लाख नकद, सोना-चांदी भी बरामद
सर्च के दौरान मातेश्वरी एन्कलेव स्थित आवास से करीब 75 लाख रुपये नकद मिलने की पुष्टि हुई है। वहीं, इसी मकान और गंगाशहर स्थित दूसरे ठिकाने से 1 किलो से अधिक सोना और करीब 2 किलो चांदी बरामद की गई है।

गोपनीय शिकायत से खुला मामला

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर मुख्यालय को आरोपी के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिली थी। एसीबी एसयू बीकानेर द्वारा किए गए सत्यापन में सामने आया कि आरोपी ने अपनी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्तियां अर्जित की हैं। इसके बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पास—

बीकानेर शहर में तीन आलीशान मकान,
गांव पुनरासर में एक भव्य मकान,
और करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि मौजूद है।