तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के कोलायत थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने पांच साल के बच्चे को इस बेरहमी से कुचला कि उसका शव क्षत विक्षत हो गया,जिसे समेटना ही मुश्किल हो गया। हादसे के बाद से वाहन की तलाश की जा रही है लेकिन अब तक पता नहीं चल पाया। मृतक वार्ड संख्या आठ का रहने था। जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम कोलायत के झझु रोड पर ये दर्दनाक हादसा हुआ। यहां अर्जुन सिंह का पांच साल का बेटा जयवीर सिंह खेल रहा था। अचानक आए तेज वाहन ने उस बच्चे को इतनी बुरी तरह कुचला कि मौके पर ही उसका दम टूट गया। शव इस तरह बिखर गया कि हर किसी का दिल दहल गया। घर से बच्चा कब सड़क पर आ गया,ये किसी को पता नहीं है। अचानक हुए हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घर में कोहराम मच गया।थाने के एएसआई लखपत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मासूम का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। फिलहाल शव को कोलायत के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।