तहलका न्यूज,बीकानेर।हरियाणा के लोहारू में आयोजित राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप (मास्टर्स कैटेगरी) में बीकानेर के व्यवसायी और फिटनेस प्रेमी गिरिराज व्यास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया। टाइगर जिम से जुड़े गिरिराज व्यास ने 70 किलोग्राम बॉडी वेट कैटेगरी में 112 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस दमदार उपलब्धि ने प्रतियोगिता में मौजूद सभी खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रभावित कर दिया।खास बात यह है कि गिरिराज व्यास पेशे से एक सफल होटल व्यवसायी हैं,लेकिन खेल के प्रति उनका जुनून आज भी उतना ही मजबूत है। उन्होंने लगभग 9 वर्षों बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार वापसी की और सीधे स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण के आगे समय का अंतर कोई मायने नहीं रखता।गिरिराज व्यास ने इससे पहले करीब 9 साल पहले नेशनल बेंचप्रेस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।लंबे अंतराल के बाद जब उन्होंने फिर से मंच पर कदम रखा तो अपने दमदार प्रदर्शन से सबको चौंका दिया।उनकी इस ऐतिहासिक जीत के बाद बीकानेर में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, जिम साथियों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि गिरिराज व्यास ने यह साबित कर दिया कि फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण इंसान को किसी भी उम्र में चैंपियन बना सकता है।
