जयनारायण बिस्सा
तहलका न्यूज,बीकानेर। पिछले चार माह से नई कार्यकारिणी के इंतजार में बैठे शहर व देहात भाजपाईयों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो इन दोनों अध्यक्षों के हाथ बंटाने के लिये 25 तारीख तक नई टीम की घोषणा की जा सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जहां शहर कार्यकारिणी में एक व्यक्ति के चलते पेच अड़ा हुआ है तो वहीं देहात कार्यकारिणी पर महिलाओं के संख्यात्मक नाम नहीं भेजने के कारण मामला अटक गया है। बताया जा रहा है कि देहात कार्यकारिणी में दो विधायकों व एक पूर्व विधायक के सुझाएं नामों पर मंथन कम किया गया है। उधर शहर कार्यकारिणी में भी शहर विधायक की कुछ नामों पर सहमति नहीं बनने तथा शहर अध्यक्ष की ओर से सुझाएं गये एक नाम के सक्रिय सदस्य नहीं होने से कार्यकारिणी घोषणा एक बारगी रोक दी गई है। पार्टी के शीर्षस्थ नेताओं ने योग दिवस के बाद पुन:कार्यकारिणी के नामों पर चर्चा कर घोषणा की बात कही है।

एक व्यक्ति,एक पद का सिद्धांत
बीजेपी की नई टीम में जहां सक्रिय सदस्यता व नई टीम में महिलाओं को प्रतिनिधित्व की बात सामने आ रही है तो वहीं एक व्यक्ति और एक पद का सिद्धांत पालना के भी चर्च है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से एक पार्टी,एक व्यक्ति,एक पद के सिद्धांत की बात करती रही है। इसका तात्पर्य होता है कि पार्टी के हर एक व्यक्ति को अलग-अलग तरह की जिम्मेदारी दी जाए। किसी को जनप्रतिनिधि के रूप में तो किसी को पार्टी में एक नेता और कार्यकर्ता के रूप में काम की जिम्मेदारी दी जाती है। हालांकि ये अलग बात है कि कई बार इस नियम की पालना नहीं हो पाती है।

इन संभावितों को मिल सकती है जगह
जिला कार्यकारिणी में कई पूर्व पार्षदों को जगह मिलने की संभावना है। वहीं कई महिला मोर्चा की पदाधिकारी रही महिला कार्यकर्ताओं के साथ मंडल अध्यक्ष रहे कार्यकर्ताओं को नई कार्यकारिणी में शामिल किया जा सकता है। सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार नई कार्यकारिणी में पूर्व उपमहापौर राजेन्द्र पंवार,दीपक पारीक,श्याम सिंह हाडलां,कौशल शर्मा,आनंद सिंह भाटी,शिवकुमार रंगा,अनु सुथार,भारती अरोडा,अजय खत्री,विनोद क रोल,लोकेन्द्र शर्मा,किशन चौधरी,इन्द्रचंद मालू,मनीष आचार्य,सरिता नाहटा,कामिनी भोजक को पदाधिकारी बनाया जा सकता है।

इस तरह रहेगी जिले और मंडल की कार्यकारिणी
जिला कार्यकारिणी में अध्यक्ष के साथ 8 उपाध्यक्ष होंगे तो हमेशा की तरह 3 महामंत्री होंगे। 8 मंत्रियों के साथ 1 कोषाध्यक्ष का पद भी रहेगा। वहीं 21 लोगों की कार्यकारिणी में 7 महिलाएं और 2 अजा तथा अजजा वर्ग के लोगों को शामिल करना अनिवार्य रहेगा। वहीं जिले में 30 कार्यसमिति सदस्य बनाए जा सकेंगे।

मालू नहीं है सक्रिय सदस्य
पता चला है कि इन्द्रचंद मालू का नाम गंगाशहर मंडल के 180 सदस्यों में नहीं है। जिस वजह से इन्हें कार्यकारिणी में जगह मिलने में नियमानुसार दिक्कत आ रही है। बताया जा रहा है कि शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की ओर से एक मात्र नाम इन्द्रचंद मालू का ही दिया गया है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ इसको लेकर ऊहापोह की स्थिति में है।