


तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में पिछले एक पखवाड़े से हत्या,मारपीट व लूट की वारदातों का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। अभी जेएनवीसी थाने में हुई हत्या का पर्दाफाश भी नहीं हुआ कि देर रात शहर के मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में एक ओर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें साले ने अपने जीजा की हत्या कर दी है। उसने अपने साथी के साथ मिलकर तलवारों से बेरहमी से वार किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाधिकारी विजेन्द्र सीला ने बताया कि रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 निवासी 30 वर्षीय जयसिंह राजपूत की बीती रात उसके के साथ मारपीट कर उस पर उस पर तलवार से 7-8 वार किए। जिससे जयसिंह लहुलूहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। जिसे कुछ लोग अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी अनुज के अनुसार आरोपी कोई और नहीं बल्कि जयसिंह का साला ही है। जयसिंह के साले कपिल सिंह ने एक अन्य के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दूसरा आरोपी नाबालिग है,इस वजह से उसकी पहचान नहीं बताई जा सकती है। दोनों आरोपियों को रात 2-3 बजे ही पकड़ लिया गया था। दोनों से पूछताछ जारी है। वहीं मृतक का शव पीबीएम की मोर्चरी में है,जहां पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि जयसिंह का उसकी पत्नी के साथ पिछले दो साल से विवाद चल रहा था। इसी के चलते उसके साले कपिल सिंह व एक अन्य ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हत्या के पीछे और भी कोई शामिल है या नहीं, इसकी जांच चल रही है। 10 अप्रैल की रात लगभग 10:44 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि पुत्र को समझा लें, नहीं तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। इसके बाद जब वे अपने पुत्र की तलाश में रामपुरा बस्ती स्थित एक मंदिर के पास पहुंचे, तो वहां कुछ लोग जय सिंह अस्पताल ले जा रहे थे।
सीसीटीवी से आया पकड़ में
दोनों आरोपी भी रामपुरा बस्ती के ही निवासी हैं। हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो दोनों आरोपी गली में प्रवेश करते हुए दिख गये। हालांकि हत्या की वारदात सीसीटीवी में कैद नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
