तहलका न्यूज,बीकानेर। समुद्र-किनारे से पधारे जगद्गुरू थार में हिलोरे ले रहे आस्था के सागर में इस चैत्र नवरात्रि में श्रद्धालुओं को भक्तिरस-वर्षा से तर कर देंगे। ऐसा होगा थार में पल्लवित-पुष्पित धर्मनगरी के गंगाशहर मार्ग पर संचालित अग्रवाल भवन में। इस वृहद् अनुष्ठान (चैत्र नवरात्रि विराट कथा यज्ञ) को 19 मार्च से 29 मार्च तक तमिलनाडु के श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम, कृष्णगिरी के विश्व विख्यात पीठाधीश्वर जगद्गुरु पूज्यपाद 1008 वसंत विजयानंद गिरी महाराज की प्रेरणा और उन्हींके सान्निध्य में संपन्न करने का आशीर्वाद मिला है।इतना ही नहीं, अनुष्ठान स्थल पर न केवल रातों-रात प्रतीकात्मक ऊंचे-ऊंचे चतुर्दश मंदिरों का निर्माण होगा वरन् धर्म क्षेत्र में कुबेर और लक्ष्मी का स्थाई रूप से वास सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ 11 दिन तक रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पायरेट कुबेर लक्ष्मी यंत्र एवं 1008 जीबू कॉइन का दिव्य साधना शिविर में बड़ी संख्या में साधक तप करेंगे। धार्मिक राजधानी काशी के विद्वान पंडित 9 कुंडीय विराट यज्ञ करवाएंगे जिसमें कई क्विंटल समिधा की आहुतियों से धर्म नगरी बीकानेर महकेगा। इन सभी के साथ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा अद्भुत शिवलिंग। इस वृहद अनुष्ठान के संबंध में जानकारी देने के लिए गुरुवार को अग्रवाल भवन में पत्रकार वार्ता का आयोजन कर ट्रस्ट सदस्य गुरुभक्त संकेश जैन ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 11 दिनों में प्रतिदिन अलसभोर से रात्रि के दूसरे प्रहर तक किए जाने वाले अनुष्ठानों का बिंदुवार विवरण बताया।प्रतिदिन रात्रि 8 बजे पूज्य गुरुदेव के मुखारविंद से देवी भागवत कथा की अमृत वर्षा होगी, जो श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का संचार करेगी। प्रातः 10 बजे से पाइरेड कुबेर लक्ष्मी यंत्र एवं जिबु कॉइन का दिव्य साधना शिविर आयोजित होगा, जिसमें साधक धन-समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की साधना सीख सकेंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सायं 5 बजे से सभी भक्तों के लिए विशाल निःशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी । समस्त कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है।पत्रकार वार्ता में कुणाल कोचर,सुरेन्द्र कोचर सहित अनेक जने मौजूद रहे।
जगद्गुरु वसंत विजयानंदगिरीजी महाराज की ओर से दिव्य महामांगलिक 15 को
कृष्णगिरी पीठाधीश्वर पूज्यपाद जगद्गुरु आचार्य 1008 वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज की पावनकारी निश्रा में 15 मार्च,रविवार को सर्व मंगलकारी परम चमत्कारी सर्वबीज मंत्रयुक्त दिव्य महामांगलिक का आयोजन होगा। श्री पारश्वचंद्र सूरी गच्छ जैन दादाबाड़ी (बगीची) में रात्रि 8 बजे से यह दिव्य महामांगलिक आयोजित होगी जिसमें सकल संघ सपरिवार को आमंत्रित किया गया है।
45 फीट ऊंचे विशाल मंदिर बनेंगे नवरात्रि के आकर्षण
गुरुभक्त संकेश जैन ने यह भी बताया कि अग्रवाल भवन परिसर में अस्थाई रुप से भव्यता के साथ गणपति मंदिर, भैरव मंदिर, शिव पार्वती मंदिर,लक्ष्मीनारायण मंदिर,कृष्णगिरी पदम्मावती मंदिर,धनदेश्वरी मंदिर,दुर्गा मंदिर,सिद्धिदात्री मंदिर,महागौरी मंदिर,करणी माता मंदिर, ललिता महात्रिपुर सुंदरी मंदिर,सरस्वती मंदिर,श्रीराम परिवार मंदिर, हनुमान मंदिर आदि का निर्माण किया जाएगा जो विशाल 35 से 45 फीट ऊंचे बनाए जाएंगे। ये मंदिर सम्पूर्ण भारत में एकमात्र छोटीकाशी बीकानेर नवरात्रि के आकर्षण बनेंगे।
