तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में आज भारतीय नववर्ष समारोह समिति के बेनर तले हिन्दू नववर्ष पर धर्मयात्रा की धूम रही। एम.एम.ग्राउंड से रवाना हुई धर्मयात्रा एमएम ग्राउंड से रवाना होकर नयाशहर थाने के आगे से होते हुए गोकुल सर्किल,नत्थूसर गेट,बारह गुवाड़,रत्ताणी व्यासों का चौक,मोहता चौक, तेलीवाड़ा,दाऊजी मंदिर,कोटगेट,केईएम रोड,सार्दुल सिंह सर्किल होते हुए देरशाम को जूनागढ़ पहुंची,जहां महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें हजारों लोगों ने जयश्रीराम के जयघोष के साथ भागीदारी निभाई। यात्रा में विभिन्न हिन्दू संगठनों के अलावा राजनीतिक पार्टियों के नेता भी केसरिया साफा लगाकर शामिल हुए।धर्मयात्रा में हजारों की संख्या में युवा नाचते गाते पैदल चल रहे थे।वहीं बाइक पर सवारयुवाओं के साथी डीजे और चौपहिया वाहनों में भी बड़ी संख्या में लोग धर्मयात्रा में शामिल हुए।इस दौरान एमएम ग्राउंड पर जहां धर्म यात्रा का अंतिम छोर था तो पहला छोर बारह गुवाड़ पहुंच चुका था।

पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद

पिछले कई सालों से बीकानेर में चैत्र नवरात्रि के प्रतिपदा पर धर्मयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर बार कानून को लेकर पुलिस मुस्तैद नजर आती है. लेकिन इस बार पुलिस की मुस्तैदी कुछ ज्यादा ही नजर आई और बीकानेर में हनुमानगढ़ गंगानगर और चूरू से भी पुलिस के जवान और अधिकारी बुलाए गए. वहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान नजर आ रहे थे।इसके अलावा पुलिस जवानों ने रास्ते में कई जगह वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करते के जरिए नजर रखी। धर्म यात्रा के पूरे रास्ते में ड्रोन से वीडियोग्राफी करते हुए मॉनिटरिंग की गई।

युवा मोर्चा अध्यक्ष के गाने गूंजे

भारतीय नववर्ष समारोह समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा के नेतृत्व में निकाली गई इस धर्म यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष वेद व्यास पूरी तरह से छाए रहे।धर्मयात्रा में तकरीबन दो दर्जन से ज्यादा डीजे के अलावा रास्ते भर बजाए जा रहे डीजे में वेद व्यास के गाने ही सुनाई दे रहे थे। धर्म यात्रा में पहली बार बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी देखने को मिली और पिछली बार की तुलना में एक बार महिलाओं और युवतियों की संख्या ज्यादा नजर आई।धर्म यात्रा में रास्ते भर लोगों ने पैदल चल रहे लोगों का स्वागत किया और इस दौरान कई जगह पुष्पों की बरसात की गई।

दिखा सांप्रदायिक सौहार्द का नजारा

धर्मयात्रा में सांप्रदायिक सौहार्द का नजारा भी देखने को मिला। मुस्लिम कार्यकर्ताओं ने पुष्पों की बौछार करते हुए धर्म यात्रा का स्वागत किया। हजारों लोगों ने लिया भाग। धर्मयात्रा में 50,000 लोगों के जुटने का दावा किया गया तो वहीं प्रशासन की ओर से भी 40 हजार लोगों के धर्म यात्रा में शामिल होने का अनुमान लगाया गया।

हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा

धर्मयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया। खास बात यह है कि यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों के साथ ही छोटे स्कूली बच्चों में भी इस धर्मयात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

रथ पर नजर आए संत

समिति की ओर से नवाचार करते हुए पहली बार विभिन्न संप्रदाय के संतों को आमंत्रित किया गया. जिन्हें रथों पर बिठाया गया।वहीं धर्मयात्रा में महाराष्ट्रियन बैंड पुणे एवं हरियाणा से मस्क वादन टीम के साथ ही दिल्ली टीम द्वारा भगवान श्रीराम,हनुमानजी,माँ दुर्गा सहित अनेक देवी-देवताओं की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शंख वादकों की टीम हिन्दू नववर्ष का शंखनाद किया ।