


तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के सदर थाना इलाके में एक बुजुर्ग से ठगी के दो आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गये है। पुलिस ने शातिर गैंग का आशंका जताई है। सदर सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सीओ अनुष्का कालिया ने बताया कि यह गैंग खासतौर पर बुजुर्गों को निशाना बनाती थी,उनका मोबाइल छीनती और फिर उसी फोन से बैंक खातों से पैसे उड़ा देती थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जिन्ना रोड निवासी 30 वर्षीय वाहिद पुत्र अमीन व एम पी कॉलोनी निवासी 54 वर्षीय अनीस अहमद कुरैशी है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल छीनने के बाद उसमें फोन पे एप डाउनलोड करते थे और पीडि़त के बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए फोन को तोड़ देते और उसका मदरबोर्ड तक बेच देते थे।पुलिस के अनुसार आरोपी तकनीकी तरीके से ठगी करते थे ताकि आसानी से पकड़ में न आएं। आशंका है कि दोनों कई अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं।
सीसीटीवी के आधार पर आएं पकड़ में
सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि इन दोनों ने 2 अप्रेल को जूनागढ़ के सामने एक बुजुर्ग चरण दत्त शर्मा का मोबाइल छीना। जिसके बाद तकनीकी साक्ष्य,सीसीटीवी फुटेज खंगालकर गैंग का भंडाफोड़ किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद पुत्र मोहम्मद अमीन और अनीस अहमद कुरैशी के रूप में हुई है। बीकानेर में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है,जिसमें मोबाइल स्नैचिंग के बाद उसी फोन से साइबर ठगी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि करीब 2 लाख 57 हजार रूपये की ठगी की है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में एएसआई दीपक यादव, मदन लाल,कांस्टेबल गिरधरदान और मनोज की अहम भूमिका रही।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
