

तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के सदर थाना इलाके में व्यापारी पर फायरिंग के दो ओर ईनामी अपराधियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इस मामले में अब तक पांच जनों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने सादुलगंज फायरिंग कांड में 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश संजय नायक और सुनील नायक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रेंज हेमंत शर्मा और एसपी कावेंद्र सिंह सागर के सुपरविजन में की गई।सादुलगंज क्षेत्र में व्यवसायी सुखदेव चायल के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। वारदात के समय दोनों बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। फायरिंग करने वाले सुनील नायक और संजय नायक को अब नारनौल से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक शिव सिंह, रमणदीप और विक्की को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पहले ही तीन गिरफ्तार
जिला पुलिस ने लगातार चार महीने तक कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए इस मामले में शामिल तीन आरोपियों शिव सिंह भलूरी, रमण दीप और विकी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। फायरिंग में शामिल आरोपी विक्की को फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में अन्य मदद करने वाले सहयोगियों को भी नामजद किया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।
हरियाणा में दर्ज हैं दर्जनभर मामले
मुख्य आरोपी संजय नायक और सुनील नायक पर हरियाणा के अलग-अलग थानों में हत्या,फायरिंग और अन्य जघन्य अपराधों के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस इनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।इस पूरे प्रकरण को सुलझाने और आरोपियों को दस्तयाब करने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती राठौड़,सीओ सदर अनुष्ठा कलिया आईपीएस,डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह,थाना अधिकारी सदर सुरेंद्र पचार,आरएसटी प्रभारी संदीप पुनिया और एएसआई दीपक यादव की सक्रिय भूमिका रही।
