



तहलका न्यूज,बीकानेर। सेवानिवृत प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद् आनंद कुमार व्यास द्वारा लिखित पुस्तक शिव पुराण (सारगर्भित) का विमोचन सोमवार को मुरलीधर व्यास नगर मार्ग पर स्थित विनायक रेस्टोरेंट में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य पं.राजेन्द्र किराडू, विशिष्ठ अतिथि ख्यातनाम साहित्यकार डॉ कृष्णा आचाय, शिव भक्त शंकर चूरा एवं अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत लेखाधिकारी एवं समाजसेवी घनश्याम दास किराडू ‘बिड़ला साहब’ ने पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर लेखक आनंद कुमार व्यास ने बताया कि इस पुस्तक में शिव पुराण (सारगर्भित) के साथ साथ रूद्री, महिम्न स्त्रोत,विभिन्न शिव स्त्रोत,भजन आध्यात्मिक मार्गदर्शन का समावेश किया गया है। मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य ने कहा कि वर्तमान युग में युवा पीढी सनातन धर्म एवं धार्मिक संस्कारों से दूर होती जा रही है,ऐसे में इस प्रकार की पुस्तकों की संरचना से युवा पीढी में धार्मिक संस्कारों के बीज अंकुरित होगे। साहित्यकार डॉ कृष्णा आचार्य ने कहा कि मोबाइल,टीवी के व्यस्त जमाने में पुस्तक लेखन कार्य चुनौतीपूर्ण है। व्यास साधुवाद के पात्र है,जिन्होंने इस चुनौती को स्वीकारते हुए सफलतापूर्वक अंजाम दिया। घनश्याम दास किराडू एवं शंकर चूरा ने भगवान भोलेनाथ की महिमा का बखान किया। इससे पूर्व महावीर व्यास, हरिनारायण पुरोहित, विजय व्यास,भाटिया महाराज,सूरज व्यास, शिक्षाविद् राजीव पुरोहित,महेन्द्र रंगा, तुलसीदास बिस्सा, ज्योति व्यास, शांतिदेवी,नरेन्द्र व्यास आदि ने अतिथियों का शॉल,दुपट्टा,माल्यार्पण व श्रीफल प्रदान कर स्वागत किया। श्री गिरीराज व्यास ‘बंटी’ ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री मनोज व्यास ने बताया कि आनंद कुमार व्यास की इससे पूर्व भी पुस्तके प्रकाशित हो चुकी है।