तहलका न्यूज,बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के चोपड़ा स्कूल के पास शुक्रवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया,जिससे पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर कोयला हो गया।पीड़ित रामसा उपाध्याय के अनुसार,घर के भीतर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ,जिससे निकली चिंगारियों ने पास रखे फर्नीचर और बिजली उपकरणों को पकड़ लिया। इस अग्निकांड में घर में रखा कीमती सोफा सेट,डबल डोर फ्रिज,अलमारी और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। परिवार का कहना है कि अचानक हुई इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुँचा है। घटना के समय घर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
BKESL से मांगी गई तकनीकी जानकारी
हादसे के बाद विद्युत कंपनी BKESL को भी सूचित किया गया। कंपनी की टीम मौके पर पहुँची है जो केवल मीटर की स्थिति और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव की तकनीकी जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या शॉर्ट सर्किट के पीछे वोल्टेज का कोई तकनीकी कारण था या घर की इंटरनल वायरिंग में खराबी।पीड़ित परिवार ने इस हादसे को लेकर प्रशासन से उचित मुआवजे और मदद की मांग की है। बिजली विभाग को भी इस संबंध में जानकारी दी गई है।
