




तहलका न्यूज,बीकानेर। मौसम अपने अंदाज में चल रहा है। कभी धूप तो कभी छांव के बीच बुधवार को गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। तीखी धूप शरीर जलाती रही तो घर में बैठे लोग भी उमस से परेशान दिखे। आगामी दिनों के लिये भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।मौसम विभाग ने बीकानेर के साथ ही जोधपुर संभाग में भी तापमान में कमी नहीं आने की चेतावनी दी है। बारिश की संभावना भी भी जताई है।राजस्थान मौसम अपडेट में कहा गया है कि राज्य में चल रहे भीषण हीटवेव तथा गर्म रात का दौर आगामी 24 घंटे तक जारी रहने की प्रबल संभावना है। आगामी 24 घंटे में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बीकानेर, जयपुर,भरतपुर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन आंधी 40-50 प्रति किमी घंटे व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।आंधी बारिश के असर से आगामी 24 घंटे के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने तथा भीषण हीटवेव से राहत मिलने की प्रबल संभावना है। 14-15 अप्रैल से पुन: तापमान में बढ़ोतरी होने तथा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में एक और नया हीटवेव का स्पेल शुरू होने की संभावना है।
सड़कों पर पानी का छिड़काव
बीकानेर में तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बारिश होने पर ही पारा कम होने की उम्मीद की जा सक ती है।आसमान से बरस रही आग से राहत देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सड़कों पर दमकलों के माध्यम से पानी का छिड़काव करवाया है ताकि सड़क पर चलने वाले लोगो को थोड़ी राहत मिल सके। शहर के अलग-अलग हिस्सों में दमकलों ने पानी का सड़कों पर छिड़काव किया है। गर्मी के कारण शहर की सड़कें सूनी पड़ी हैं और बाजारों में निकलने वाले लोग भी गर्मी के थपेड़ों से बचने के लिए मुंह को ढंककर निकल रहे हैं। गर्मी के चलते पीबीएम अस्पताल में भी उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ गए हैं। प्रशासन का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए पानी का छिड़काव करवाया गया है।
गर्मी से पस्त हो रहे लोग
बीकानेर में पारा चढ़ता जा रहा है। इस कारण भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल नजर आ रहा है। आग उगलती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह से आसमान आग उगल रहा है। बच्चे,बड़े,बुजुर्ग सभी गर्मी से परेशान दिखाई दिए। धूप की चमक इतनी तेज रही कि दो कदम चलते ही लोगों के हलक सूख गए। उधर,जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे ही पंखों और कूलर की हवा भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं दे पा रही है। बिजली कट लोगों को पसीने से तर-बतर करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। गर्मी पडऩे के कारण शीतल पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ गई है। मवेशी भी छाया और पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने लगे हैं। गर्मी बढऩे पर युवाओं के फैशन में भी बदलाव आ गया है। युवतियां ही नहीं युवा भी धूप से बचाव के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलने लगे हैं। युवतियां हाथों में दस्तानों का भी प्रयोग कर रही हैं।