तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित पब्लिक पार्क में शनिवार को एक मासूम बच्ची का शव रैलिंग में लटका मिलने से सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी की प्रतिमा वाले पार्क की रेलिंग से एक 10 वर्षीय बालिका का शव लटका मिला।थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौके के हालातों से प्रतीत होता है कि बच्ची पार्क में खेल रही थी।खेलते समय वह अचानक रेलिंग से नीचे की ओर गिर गई। गिरते वक्त उसके गले में मौजूद दुपट्टा रेलिंग के ऊपरी हिस्से में उलझ गया और फंदे का रूप ले लिया।अचानक लगे झटके और दम घुटने के कारण मासूम की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।पुलिस की सूचना पर खिदमतगार खादिम सोसायटी के हाजी जाकिर,हाजी नसीम,रमजान,हाजी मलंग बाबा,इमरान,इरफान,अयूब और ताहिर हुसैन व असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खडग़ावत और जुनैद खान ने पुलिस की निगरानी में शव को एम्बुलेंस के जरिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।थानाधिकारी ने बताया कि हालांकि प्रथम दृष्टया यह हादसा लग रहा है,लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह पार्क में किसके साथ आई थी। शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह करवाया जाएगा।