

तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के बज्जू थाना इलाके में 8 वीं क्लास में की छात्रा का अर्धनग्न हालत में शव मिला है। छात्रा पास की ढाणी से स्कूल में आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से निकली थी,लेकिन परीक्षा केन्द्र तक नहीं पहुंची। तो स्कूल के अध्यापक ने घर पर सूचना दी। परिजनों ने तलाश की तो नहर के पास झाडिय़ों में उसका शव मिला। जानकारी मिली है कि रणजीतपुरा के समीप नहर के पास की यह घटना है। बताया जा रहा है कि 13 वर्षीय नाबालिगा अपने घर से परीक्षा देने के लिये निकली थी। जब वह तय समय में स्कूल नहीं पहुंची तो वारदात का पटाक्षेप हुआ।परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजन एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि लड़की के साथ रेप हुआ है या नहीं? इसकी पुष्टि अब तक नहीं हुई। पोस्टमॉर्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ढाणी से दो किलोमीटर जाती थी पैदल
परिजनों ने बताया कि छात्रा (13) अपने घर से करीब 2 किलोमीटर पैदल स्कूल जाती थी। उसका 8वीं बोर्ड की परीक्षा चल रही है। बच्ची 12:15 बजे घर से निकली थी और करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन से सूचना आई कि वह स्कूल नहीं पहुंची है। इसके बाद हम लोगों ने तलाश शुरू कर दी। थोड़ी दूर पहुंचे तो बच्ची का शव अर्द्धनग्न हाल में पड़ा था। सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस का कहना है कि नाबालिग लड़की के शव का मौका मुआयना करने और सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम सबूत जुटा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
