



तहलका न्यूज,बीकानेर। न्यायिक कर्मचारियों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों की मुख्य मांग कैडर पुनर्गठन को लेकर है। राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ के नेतृत्व में यह आंदोलन पूरे राज्य में चल रहा है।संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र नारायण जोशी जयपुर में भूख हड़ताल पर हैं। संघ के बीकानेर इकाई के नवनीत नारायण जोशी ने बताया कि सरकार और न्यायिक प्रशासन ने बार-बार आश्वासन दिया,लेकिन कैडर पुनर्गठन की स्वीकृत योजना अभी तक लागू नहीं हुई है।राजस्थान हाई कोर्ट की फुल बेंच ने 6 मई 2023 को न्यायिक सहायक और स्टेनोग्राफर कैडर के पुनर्गठन को मंजूरी दी थी। हालांकि,सरकार ने इसे अभी तक अधिसूचित नहीं किया है।हड़ताल के कारण अदालतों में मुकदमों की सुनवाई रुक गई है। दस्तावेजों की नकल और अन्य प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हैं। सभी न्यायिक कर्मचारी गैरहाजिर रहे। न्यायालय परिसर में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और तेज होगा। इसमें अन्य कर्मचारी संगठन भी शामिल हो सकते हैं। इस हड़ताल से वकीलों,पक्षकारों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।