»

तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना इलाके में चौकीदार की गला रेतकर हत्या 24 घंटे बीत जाने के बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर है। जिसके चलते रेंगर समाज के लोगों में आक्रोश है। परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी के बाहर रास्ता जाम कर शव लेने से इनकार कर दिया। आक्रोशित लोगों की मांग है जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तब तक शव को नहीं उठाया जाएगा। साथ ही मृतक के आश्रित को संविदा पर नौकरी व एक करोड़ की सहायता राशि की मांग भी की गई है। हालांकि इस दौरान सीओ अनुष्का ने लोगों से समझाइश भी की। पर आन्दोलन कर रहे लोग मानने को तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने पांच जनों को राउण्डअप किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।

गला रेतकर की गई थी बुजुर्ग की हत्या
मृतक भंवरलाल रेगर (70) मदन विहार कॉलोनी, शिवबाड़ी के निवासी थे। वे जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में एक प्लॉट पर चौकीदारी कर रहे थे। 2 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। दो दिन पहले ही शुरू किया था काम जानकारी के अनुसार, जिस प्लॉट पर भंवरलाल चौकीदारी कर रहे थे, वह जैसलमेर निवासी कुंदन सिंह का है। भंवरलाल ने 30 मार्च को ही यहां काम शुरू किया था। लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।