




तहलका न्यूज,बीकानेर। देशनोक रेलवे स्टेशन से पलाना की ओर लगभग 2–3 किलोमीटर दूरी पर रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। स्टेशन मास्टर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी कि अप-डाउन ट्रैक के बीच एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है।सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की उम्र लगभग 40–45 वर्ष आंकी गई। उसने काफ्री रंग की पैंट व शर्ट पहन रखी थी। किसी प्रकार की पहचान या टैटू उसके शरीर पर नहीं मिला। पुलिस के अनुसार,मृतक की हालत देखकर प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वह ट्रेन की चपेट में आया था,जिससे सिर पर गहरी चोटें थीं और मस्तिष्क बाहर आ गया था।”शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देशनोक के मोर्चरी रूम में सुरक्षित रखवाया गया। पहचान के प्रयासों और गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।आज पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद, पुलिस द्वारा नगर पालिका देशनोक से इस अज्ञात शव के अंतिम संस्कार हेतु सहायता मांगी गई। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश मूंधड़ा ने व्यक्तिगत रूप से मोर्चा संभाला।मूंधड़ा ने कहा,”इस संसार में अगर किसी की पहचान नहीं रही,तो क्या हम उसे यूं ही छोड़ दें? मानवता सबसे बड़ा धर्म है और यह हमारा कर्तव्य है कि हर अंतिम यात्रा को सम्मान मिले।”नगर पालिका के कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में मूंधड़ा ने स्वयं अपने हाथों से शव का विधिपूर्वक अंतिम संस्कार कराया।स्थानीय नागरिकों ने इस मानवीय कार्य के लिए नगर पालिका व पुलिस प्रशासन की प्रशंसा की और कहा कि,जो सेवा अज्ञात और बेसहारा के लिए की जाती है, वही सच्ची सेवा होती है।”