तहलका न्यूज,बीकानेर। नगर पालिका देशनोक में सहायक अभियंता का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। इस कारण नगर के विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है तथा आवश्यक तकनीकी कार्य समय पर संपन्न नहीं हो पा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका मंडल देशनोक के अध्यक्ष सीए ओमप्रकाश मूंधड़ा ने जिला कलेक्टर बीकानेर को पत्र लिखकर इस समस्या के समाधान की मांग की है।पत्र में अध्यक्ष मूंधड़ा ने उल्लेख किया कि सहायक अभियंता का पद रिक्त होने से न केवल निर्माण एवं विकास से जुड़े कार्य अटक रहे हैं,बल्कि स्वच्छता,पेयजल व्यवस्था,सार्वजनिक निर्माण और अन्य तकनीकी कार्य भी अधूरे रह जाते हैं। इससे नगर की जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने जिला कलेक्टर से निवेदन किया है कि नगर पालिका नोखा में कार्यरत सहायक अभियंता श्री उपेंद्र मीणा को देशनोक नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाए, ताकि नगर के विकास कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।अध्यक्ष मूंधड़ा ने कहा कि यदि यह प्रभार जल्द प्रदान किया जाता है तो देशनोक के विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनता को भी राहत प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर का समुचित विकास तभी संभव है जब तकनीकी कार्यों की निरंतरता बनी रहे।नगरवासियों का मानना है कि सहायक अभियंता की नियुक्ति अथवा अतिरिक्त प्रभार मिलने से पेयजल आपूर्ति,सड़क मरम्मत,नाली-निर्माण,सार्वजनिक भवनों के रखरखाव और अन्य आवश्यक कार्यों में तेजी आएगी।नगर पालिका मंडल अध्यक्ष ने आशा जताई कि जिला प्रशासन शीघ्र इस पर आवश्यक निर्णय लेकर देशनोक की जनता की समस्याओं का समाधान करेगा।