
तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में आत्महत्या की घटनाएं इस कदर बढ़ रही है। जिसने आमजन को सोचने को मजबूर कर दिया। जहां पिछले दो दिनों में तीन जनों ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया तो वहीं शुक्रवार को एक नौजवान द्वारा फांसी लगाकर जीवन लीला को समाप्त की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र के गोपेश्वर बस्ती में शुक्रवार सुबह एक 20 साल के अंकित भदरवाल ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर जीवन को समाप्त कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार,अंकित भदरवाल पुत्र हरीश कुमार अपने परिवार के साथ जीनगरों के मोहल्ले में रहता था। शुक्रवार सुबह करीब 6:15 बजे जब परिजन उसके कमरे की ओर गए,तो अंकित को फंदे से झूलता पाया। आनन-फानन में शोर मचाने पर पड़ौसी इक_ा हो गए और तुरंत पुलिस व सेवा संस्थानों को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्य मोहम्मद जुनैद खान,शोएब और राजकुमार खडग़ावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुँचे। गंगाशहर थाना पुलिस की टीम ओमप्रकाश के नेतृत्व में पहुंचे दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर पीबीएम अस्पताल पहुँचाया गया।पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अंकित ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस उसके मोबाइल फोन और दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके।
