



तहलका न्यूज,बीकानेर। छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर अब छात्र संगठन उग्र आंदोलन करने लगे हैं। इसको लेकर जहां पिछले दिनों एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगाया था। वही आज एबीवीपी की ओर से भी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंक कर सड़क जाम की गई। छात्रों का आरोप था कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2023 में छात्र संघ चुनावों पर रोक लगा दी थी। इसी के विरोध में छात्रों ने गहलोत का पुतला फूंका। कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोक हो गई और स्थिति धक्का मुक्की तक पहुंच गई।हालत बिगड़ देख पुलिस ने एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि मोहित जाजड़ा की अगवाई में किए गए इस प्रदर्शन में पुलिस प्रदर्शनकारियों से रोड जाम नहीं करने का आग्रह कर रही थी लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। जिससे पुलिस को बल प्रयोग करते हुए जबरन उन्हें हटाया गया।
दस छात्रों को लिया हिरासत में
जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि दस लड़कों को डूंगर कॉलेज से हिरासत में लिया गया था लेकिन हिदायत देकर छोड़ दिया कि आगे से अशांति नहीं करेंगे। ये कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 के तहत की गई।पुलिस ने एबीवीपी विभाग संयोजक मोहित जाजड़ा,महानगर मंत्री मेहुल शर्मा,छात्र नेता राकेश गोदारा,भागीरथ गोदारा,सत्येंद्र सिंह ख्याली, रामनिवास बिश्नोई,तनवीर सिंह भाटी सहित दस छात्रों को गिरफ्तार किया और एक घंटे बाद छोड़ दिया।एबीवीपी के संयोजक मोहित जाजड़ा ने बताया कि छात्र संघ चुनाव की बहाली के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।