तहलका न्यूज,बीकानेर। भारतमाला एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से बेकाबू थार गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी सवार गुजरात के मेहसाणा निवासी बताए जा रहे हैं। भाजपा नेता एडवोकेट अशोक प्रजापत ने बताया-सीनियर एडवोकेट कमल नारायण पुरोहित का बार काउंसिल ऑफ राजस्थान का पर्चा दाखिल करने के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान यह हादसा मतोड़ा थाना क्षेत्र के पड़ासला इलाके में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर दोपहर करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,गुजरात नंबर की थार गाड़ी हाईवे पर तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान अचानक एक टायर फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ते ही गाड़ी सीधे डिवाइडर की लोहे की रेलिंग से टकरा गई और दोनों ओर की रेलिंग के बीच जाकर पलट गई। थार गाड़ी का टायर अचानक फट गया। गाड़ी बेकाबू होने के बाद डिवाइडर से टकराने के बाद पलट हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।एडवोकेट अशोक प्रजापत,साजिद मकसूद,भवानी सि ंह, अख्तर हुसैन गौरी और राजेंद्र भास्कर सहित अन्य ने घायलों और मृतकों को एंबुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति और घायल,सभी गुजरात के मेहसाणा जिले के निवासी हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

एक युवक गाड़ी में फंसा
टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी में बैठे दो युवक उछलकर बाहर जा गिरे। दोनों करीब चालीस फीट दूर जाकर गिरे।बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक सनरूफ के रास्ते बाहर निकलकर सड़क पर गिरा।गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा युवक गाड़ी के अंदर ही फंसा रह गया,जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि उसे भी चोटें आई हैं।हादसे के बाद वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।उन्होंने गाड़ी में फंसे युवक को बाहर निकाला और उसे ओसियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया,जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में वह कहां गया,इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही भारतमाला एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटनास्थल ओसियां और पड़ासला के बीच स्थित है,जो मतोड़ा थाना क्षेत्र में आता है।