तहलका न्यूज,बीकानेर। बीकानेर से दिल्ली के बीच 25 सितंबर से वंदे भारत ट्रेन शुरू हो सकती है। इसी दिन जोधपुर से दिल्ली के लिए वंदे भारत और उदयपुर से चंडीगढ़ के लिए भी नई रेल शुरू होने जा रही है।हालांकि रेलवे की ओर से इसका शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। लेकिन, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नजदीकी पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम जारी किया है।बीकानेर से दिल्ली के सराय रोहिला स्टेशन के बीच वंदे भारत रेल शुरू होगी। जो रतनगढ़ और चूरू होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इसके अलावा जोधपुर से दिल्ली केंट तक वंदे भारत रेल इसी दिन शुरू हो सकती है।वहीं उदयपुर से चंडीगढ़ के लिए बाय वीकली रेल भी इसी दिन शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए बांसवाड़ा में एक आयोजन होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं। वहीं बीकानेर,जोधपुर,उदयपुर और इन तीनों ट्रेन के ठहराव वाले स्टेशन पर वर्चुअल कार्यक्रम होंगे।

हो चुका है ट्रायल

बीकानेर से रतनगढ़ तक वंदे भारत रेल की ट्रायल हो चुकी है। सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली ये अत्याधुनिक ट्रेन महज छह घंटे में बीकानेर से सराय रोहिला स्टेशन तक पहुंचेगी। फिलहाल बीकानेर से दिल्ली के लिए 5 ट्रेन चलती हैं। इन ट्रेनों से 7 से 11:30 घंटे तक का समय लगता है। जबकि वंदे भारत से करीब 6:15 घंटे में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।

बीकानेर में राउंड ट्रिप करेगी वंदे भारत

बीकानेर से ट्रेन सुबह 5:45 बजे रवाना होकर साढ़े चार सौ किलोमीटर की दूरी तय करके सराय रोहिला स्टेशन पहुंचेगी। वहीं से ये ट्रेन शाम को रवाना होकर रात 11 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वंदे भारत बीकानेर से दिल्ली का सफर चूरू होते हुए पूरा करेगी। रास्ते में रतनगढ़ में भी इस ट्रेन का ठहराव होगा। फिलहाल अधिकृत कार्यक्रम रेलवे की ओर से जारी होना है।

उद्घाटन के दिन समय को लेकर असमंजस

दरअसल, रेलवे उद्घाटन के दिन वंदे भारत रेल को चलाने के लिए समय को लेकर असमंजस में है। इस ट्रेन का बीकानेर से नियत समय दिन में जल्दी है लेकिन प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन दोपहर बाद कर सकते हैं। ऐसे में एक दिन के लिए इस ट्रेन को विशेष समय पर चलाने की योजना बन रही है। ये समय तय नहीं होने के कारण ही रेलवे इसे 25 सितम्बर से चलाने की पुष्टि भी नहीं कर पा रहा है।