तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित हेड पोस्ट ऑफिस को एक बार फिर ईमेज के जरिये बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पोस्ट ऑफिस को दोपहर करीब दो बजे एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ,जिसमें पूरे परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।धमकी मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। एहतियात के तौर पर पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली करवा दिया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों व आमजन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया। प्रारंभिक तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है,लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पोस्ट ऑफिस परिसर और आसपास के इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।संदिग्ध ई-मेल में बेंगलुरु मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर अब्दुल मोहम्मद के कथित अपमान का बदला लेने की बात भी सामने आई है,जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। मौके पर पहुंचे हेड पोस्टमास्टर आरपी मीणा ने बताया कि ई-मेल के जरिए धमकी मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया और सुरक्षा कारणों से परिसर खाली करवाया गया।फिलहाल पुलिस ई-मेल की गहन जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है,लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।्र
पहले भी मिल चुकी है धमकी
बता दे कि इससे पहले भी इसी माह पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। एक माह में यह दूसरा मौका है,जब इस प्रकार का ईमेल मिला है। अब इसको लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर हो गया है और सतर्कता बरतते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस आईटी सैल के जरिये इस प्रकार के मेल भेजने वाले की तलाश में जुट गया है।