तहलका न्यूज,बीकानेर। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस ने प्रचार अभियान का बिगुल बजा दिया है। संभाग स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिलने की शुरूआत बीकानेर के तेरापंथ भवन से हुई। पहले ही सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने को मुद्दा बनाते हुए विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने की अपील की गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी को भी संसद से बाहर किया गया था लेकिन वो पूरी शक्ति के साथ वापस सदन में आई। ऐसे ही राहुल गांधी के साथ किया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एकत्र होना ऐतिहासिक है। ये याद रखा जाएगा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने पर हम एकत्र हुए थे। गहलोत ने कहा कि देश में तानाशाही चल रही है, जिसे खत्म करने के लिए पहले कांग्रेस की सरकार राजस्थान में रिपीट करनी है और इसके बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना ही प्रथम लक्ष्य होना चाहिए। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी को बंगला खाली करने के लिए कहा गया है, राहुल गांधी ने बड़ी सहजता के साथ कहा कि वो बंगला खाली कर देंगे। गहलोत ने बजट घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जितना चाहा, उससे ज्यादा सरकार ने दिया है। उन्होंने ओल्ड पेंशन स्कीम को भी गिनाया।
मुझे कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी है
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखविन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि जब मैं राजस्थान आया तो खबरों से लगा कि राजस्थान में न जाने कितनी फूट है। कितनी लड़ाई है, लेकिन आज मुझे लगता है कि राजस्थान में सरकार रिपीट होगी। रंधावा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि का ंग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ता को एक जुटकर होकर इस तानाशाही सरकार को हटाना होगा।रंधावा ने कहा कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने काम किया। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी देश के लिए शहीद हुए।रंधावा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार सिर्फ बातों से वापस नहीं आएगी। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोश दिखाना होगा। आवाज उठानी होगी। इसके बाद एक कार्यकर्ता ने खड़े होकर नाराबाजी शुरू की तो रंधावा ने उसकी तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा ही जोश कार्यकर्ताओं को बनाकर रखना होगा।
इन्होंने भी रखे विचार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आ गए हैं। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जोश बनाकर रखना होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उपलब्धियों को गिनाना होगा। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने के बाद भी कांग्रेस डरेगी नहीं। उन्होंने शायरी करते हुए कहा कि हम लडऩे के लिए तैयार है। आपदा प्रबंधन मंत्री गोविन्द मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी और राजस्थान एग्रो बोर्ड के अध्यक्ष रामेश्वर डूडी ने भी विचार रखे। इस सम्मेलन के दौरान संभाग के नेताओं ने एक एक करके मुख्यमंत्री से भेंट की। अपनी बात कही और रिपोर्ट भी दी। नि:संदेह गहलोत की यह व्यूह रचना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बनने वाली है।
इनकी रही मौजूदगी
सम्मेलन में भूदान बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा,केशकला बोर्ड के अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत,विधायक कृष्णा पूनियां,श्रीगंगानगर जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा,पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल,पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा,सीएम के ओएसडी लोकेश शर्मा,बीकानेर जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल,बीकोनर पंचायत समिति लालचंद आसोपा,शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित संभाग के नेता,पार्टी पदाधिकारी,पार्षद,अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।