तहलका न्यूज,बीकानेर। देश के स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बीकानेर में एक किलोमीटर लंबा तिरंगा लहराया गया। इस दौरान बीकानेर के गोकुल सर्किल से मुरलीधर व्यास नगर रोड तक तिरंगा लहरा तो हर कोई राष्ट्रभक्ति के रंग से लबरेज था। राष्ट्रगान शुरू हुआ तो एक किलोमीटर एरिया में हर कोई “जन-गण-मन” में लीन हो गया। कर्मवान फाउण्डेशन की ओर से भाजपा के युवा नेता वेद व्यास और जसराज सींवर के नेतृत्व में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आम लोग गोकुल सर्किल पर पहुंचे। एक स्टेंड पर लिपटा तिरंगा जैसे-जैसे गोकुल सर्किल से मुरलीधर कॉलोनी की ओर बढ़ रहा था,वैसे वैसे लोगों में जोश भी बढ़ता जा रहा था। स्कूल के विद्यार्थियों को पहले ही सड़क के दोनों और खड़ा कर दिया गया था। जैसे-जैसे ये तिरंगा आगे आया,वैसे-वैसे विद्यार्थी इसे पकड़ते रहे। विद्यार्थियों के अलावा कई आम लोग भी इस कतार में खड़े थे। एक किलोमीटर की ये सड़क पूरी तरह से भरी हुई थी। कार्यक्रम किसी पार्टी या संगठन विशेष के बजाय आम आदमी का प्रतीत हो रहा था। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प की वर्षा कर तिरंगा का स्वागत और सम्मान किया।लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी ली और बच्चों ने सेल्यूट कि या। एक किलोमीटर तिरंगे के साथ देशभक्ति गानों से माहौल भावनात्मक हो गया। इस आयोजन में जिन्दा शहीद एम एस बिट्टा,जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा,विजय आचार्य,मोहन सुराना,जुगल राठी,अभिमन्यु सिंह राजवी,,मनोज बजाज,विजय उपाध्याय,हनुमान सिंह चावड़ा,कर्मवान फाउण्डेशन के सचिव संतोष पुरोहित सहित अनेकजनें भी इस मौके पर उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रशासन ने भी पुख्ता व्यवस्था की। पुलिस ने दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया। कार्यक्रम में मास्टर नानू व सूर्या ने देशभक्ति के गीत गाकर माहौल में राष्ट्रप्रेम भर दिया।