तहलका न्यूज,बीकानेर। मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर कांग्रेस की ओर से किये जा रहे आन्दोलन की कड़ी में सोमवार को यूथ कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से पैदल मार्च के रूप में कलक्टर कार्यालय परिसर पहुंचे यूथ कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकाली और एडीएम सिटी रमेश देव को ज्ञापन सौंपा। लेकिन इस प्रदर्शन के बीच आज राजनीतिक गलियारों में यूथ कांग्रेस का पोस्टर चर्चा का विषय बना रहा।प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए पोस्टरों में पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बड़े फोटो प्रमुखता से नजर आए, जबकि कई पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का फोटो नहीं दिखा।वहीं,यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया ने सवालों पर कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।

पोस्टरों में पायलट हावी, गहलोत फोटो पर सवाल
प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए अधिकांश पोस्टरों में पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बड़े-बड़े फोटो नजर आए। कै मरों का फोकस भी इन्हीं पोस्टरों पर रहा।

अभिमन्यु पूनिया ने टाल दिया सवाल
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया से जब पोस्टरों के इस समीकरण को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब देने से बचते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा ने कहा कि इतने बड़े प्रदर्शन में कई नेताओं ने अपने-अपने व्यक्तिगत पोस्टर बनवाए थे।उन्होंने बताया कि यूथ कांग्रेस के मुख्य पोस्टर में सभी बड़े नेताओं के फोटो लगाए गए थे, जिस एक होर्डिंग पर अशोक गहलोत का फोटो नहीं दिखा,उसमें यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रमेश भादू का बड़ा फोटो लगा था।उस होर्डिंग में कूकणा समेत अन्य यूथ कांग्रेस नेताओं के फोटो भी थे, लेकिन अशोक गहलोत का फोटो नहीं था। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं होती रहीं।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा, प्रेम रत्न जोशी, अजय हल्दुनिया, बीकानेर प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा भार्गव, विक्की चड्ढा, पूनम भाम्भू, कृष्ण गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।