

तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताला-चाबी ठीक करने के बहाने घरों में चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने डूंगरपुर से आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शहर की गलियों में ताला-चाबी ठीक करने के बहाने घूमते थे।जब कोई व्यक्ति ताला सही कराने के लिए संपर्क करता,तो ये कम पैसे में काम करने की बात कहकर घर में प्रवेश कर जाते।इसके बाद मकान मालिक को बातों में उलझाकर अलमारी या संदूक में रखा कीमती सामान चोरी कर बैग में रख लेते और ताला ठीक नहीं होने का बहाना बनाकर मौके से निकल जाते।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
थानाधिकारी तिवाड़ी ने बताया कि प्रार्थी अजय आहूजा ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 10 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे दो अज्ञात व्यक्ति रास्ते में ताला-चाबी ठीक करने की बात कहते हुए मिले। वे उन्हें घर ले गए,जहां अलमारी का ताला ठीक करने के दौरान दोनों ने नजर बचाकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए
घटना के बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा टावर लोकेशन व अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार पीछा कर पुलिस ने डूंगरपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी,एक उदयपुर का और दूसरा डूंगरपुर का
नानक सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती बेड़वास, प्रतापनगर थाना, जिला उदयपुर।
नानक सिंह पुत्र बहादुर सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी हॉस्पिटल के पीछे बासड़वाड़ा हरिजन बस्ती, कोतवाली थाना, जिला डूंगरपुर।
टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी,एसआई विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल ईमीचंद,कांस्टेबल सुशील व कांस्टेबल संग्राम शामिल रहे। मामले के खुलासे में हेड कांस्टेबल ईमीचंद की विशेष भूमिका रही।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ेै
