विभिन्न वर्गों को एक मंच मिले, भारतीय संस्कृति व सामाजिक एकता को सशक्त करना ही प्रमुख उद्देश्य : गणेश बोथरा
तहलका न्यूज,बीकानेर। नववर्ष केवल कैलेंडर का परिवर्तन नहीं बल्कि संस्कृति,परम्परा,आस्था और सामाजिक जीवन के नए उत्साह का प्रतीक होता है।यह बात भारतीय नववर्ष समारोह समिति बीकानेर महानगर के अध्यक्ष गणेश बोथरा ने प्रेसवार्ता के दौरान कही। शुक्रवार को नत्थूसर गेट स्थित सूरदासाणी बगेची में आयोजित इस प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष गणेश बोथरा ने कहा कि इस वर्ष 19 मार्च को नवसंवत्सर मनाया जाएगा। भारतीय संस्कृति में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को शुभ और पवित्र दिवस माना जाता है और यह दिन नव वर्ष के रूप में मनाया जाता है।बीकानेर महानगर में सर्व हिन्दू समाज,विभिन्न सामाजिक संगठनों,धार्मिक संस्थाओं,युवा संगठनों तथा मातृशक्ति के सहयोग से इस वर्ष भारतीय नव वर्ष को ‘समाजोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोडऩा,भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सशक्त करना है।इसी उद्देश्य से भारतीय नव वर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर का गठन किया गया है।समिति में समाज के विभिन्न वर्गों, संगठनों और क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके।समिति के महामंत्री भंवर पुरोहित व नवीन सिंह ने बताया कि कोषाध्यक्ष के रूप में मनोहर स्वामी तथा सह-कोषाध्यक्ष के रूप में किशोर बांठिया को दायित्व सौंपा गया है।समिति के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।प्रेसवार्ता के दौर बैनर का विमोचन किया गया जिसमें विभाग संघ चालक टेकचन्द बरडिय़ा,महानगर संयोजक उमेश व्यास,विजय कोचर,मीनाक्षी सोनी,चंद्रकला आचार्य,जगदीश सोलंकी,ओमप्रकाश नायक,विजय सिंह राठौड़,नवनीत पुरोहित,दीपक हर्ष,मोहित जाजड़ा आदि उपस्थित रहे।

शनिवार को होगा कार्यालय का उद्घाटन, सुंदरकांड के होंगे पाठ
भारतीय नव वर्ष समारोह समिति के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन 7 मार्च को सायं 6:15 बजे जसोदा भवन,गोकुल सर्किल में किया जाएगा। संवित् विमर्शानंदगिरिजी महाराज,श्यामसुंदरदासजी महाराज व जुगलकिशोर ओझा पुजारी बाबा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा तथा सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी रखा गया है।

घर-घर रोशन होंगे दीप, शंखनाद से होगा नवसंवत्सर का स्वागत
समिति के उपाध्यक्ष राजेश चूरा व रामलाल कुम्हार ने बताया कि समिति द्वारा भारतीय नववर्ष के मुख्य आयोजन के रूप में 19 मार्च को धर्मयात्रा निकाली जाएगी।यह धर्मयात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से एमएम ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गो से गुजरते हुए जूनागढ़ पहुंचेगी।मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों द्वारा स्वागत,तिलक एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इस धर्मयात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों,धार्मिक संस्थाओं,युवाओं,मातृशक्ति तथा विभिन्न समाजों की सहभागिता रहेगी।इससे पूर्व 10 मार्च तक महानगर की विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में होली स्नेह मिलन,नुक्कड़ बैठकंे मोहल्ला स्तर पर सजावट,घरों में दीप माला तथा शंखनाद जैसे आयोजन किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को भारतीय नव वर्ष के महत्व से जोडने और अधिक से अधिक लोगों को इस उत्सव में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मोहल्ले से आकर्षक धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां तैयार कर धर्मयात्रा में शामिल करने की योजना बनाई गई है।