तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के सदर थाना इलाके स्थित एसपी कार्यालय के सामने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने वाले युवक की शनिवार तड़के जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था। उसे पहले पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था,जहां से गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था। सदर थाने के एएसआई तनेराव सिंह के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव निवासी पूर्व वार्ड पंच रामलाल मेघवाल (35) शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बीकानेर एसपी कार्यालय पहुंचे थे। अचानक उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।आग की लपटों में घिरे युवक को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था। हालत नाजुक होने पर उसे एंबुलेंस से जयपुर रेफर किया गया, जहां शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में सीओ अमरजीत सिंह चावला ने मौत की पुष्टि की है।रामलाल ने सोशल मीडिया पर खुद को भागू गांव का वार्ड पंच और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बताया था।इसके अलावा उन्होंने खुद को भाजपा खाजूवाला मंडल का वरिष्ठ उपाध्यक्ष और किसान मोर्चा भाजपा का पूर्व महामंत्री भी लिखा था।