

तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना इलाके में सड़क हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया है।जानकारी के अनुसार एलआईसी ऑफिस के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उदासर से रोझां गांव की ओर जा रहे मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार हो जा रहे थे कि एलआईसी ऑफिस के सामने ट्रैक्टर से उनकी बाइक भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया,जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा।मृतक युवक की पहचान 7 एमडी घड़साना निवासी दिव्यांश के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक रोझा, लूणकरणसर निवासी सुधीर बिश्नोई है,जो सीएमएचओ ऑफिस में संगणक के पद पर कार्यरत है। जिसका उपचार पीबीएम अस्पताल में जारी है।हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए,लेकिन घायल युवकों की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे नई रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान के अध्यक्ष इमरान अली ने मानवता दिखाते हुए तुरंत मौके पर रुके और बिना समय गंवाए घायल युवक को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। जिसके चलते सुधीर की जान बच सकी।
पेश की मानवता और ईमानदारी की मिसाल
इतना ही नहीं,इमरान अली ने न केवल मानवता की नजीर पेश की बल्कि ईमानदारी का भी परिचय दिया। बताया जा रहा है कि घायलों के पास मौजूद बैग भी इमरान अली अपने साथ सुरक्षित अस्पताल ले गए। जब परिजनों से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बैग में करीब साढ़े चार लाख रूपये नकदी भी रखी हुई है। इस पर इमरान अली ने पूरी ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग सहित नकदी घायल के भाई सुनील विश्नोई को सुरक्षित सौंप दी।ऐसे कार्य समाज में इंसानियत की उम्मीद को जिंदा रखते हैं।
आज हुआ यह दूसरा भीषण हादसा
बता दें कि सोमवार का दिन बीकानेर के लिये अमंगलकारी साबित हुआ। अल सुबह उदयरामसर पलाना के पास हुए सड़क हादसे में तीन जनों की मौत हुई। वहीं शाम को जयपुर रोड पर हुए सड़क हादसे में एक ने जान गंवाई। इसके अलावा रेलवे ट्रेक पर भी एक शव मिला। वहीं रात को गंगाशहर थाना इलाके में भी एक बॉडी मिलने से सनसनी फेल गई।
