tankar

तहलका न्यूज,बीकानेर। ऐसे एक नहीं सैकड़ों टैंकर बीकानेर की सड़कों पर घूम रहे हैं जो सरकारी दरों से ज्यादा कीमत वसूल रहे हैं। वो भी तब जब ना तो टैंकरों का जलदाय विभाग में कोई रजिस्ट्रेशन है और ना ही उन पर ड्राइवर-मालिक के दूरभाष नंबर लिखे हैं।भले ही जलदाय और परिवहन विभाग ने टैंकरों पर नकेल कसने के लिए दरें निर्धारित कर दी हों बावजूद इसके शहर में अभी भी टैंकर चालक ऊंचे दामों पर पानी दे रहे हैं। क्योंकि टैंकरों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे टैंकर चालकों में किसी बात का डर नहीं है। हालात यह है कि परिवहन और जलदाय विभाग की ओर से खुद के स्तर पर अभी तक एक भी सघन चेकिंग अभियान नहीं चलाया गया। बल्कि इनके अधिकारी यहां तक क हते है कि कोई शिकायत आएंगी तो कार्रवाई जरूर करेंगे। मजबूरी में लोग तय दरों से 200 से 500 रूपये अधिक देने को मजबूर है। दूसरी ओर जैसे ही सरकार ने टैंकरों की दरें तय की तो अब टैंकरों ने अपनी दूरी बढ़ा दी।उदाहरण के तौर पर अगर कोई पुरानी गिन्नाणी में टैंकर म ंगाता है तो टैंकर चालक इंडस्ट्रियल एरिया से पानी लाने की बात कर किलोमीटर आठ से 10 कर देते हैं जबकि गजनेर रोड से ज्यादातर टैंकर भरे जाते हैं। इसी तरह अगर कोई डिफेंस कॉलोनी में पानी मंगाए तो वह गजनेर रोड से पानी लाने की बात करते हैं जबकि हर एरिया में टैंकर भरने की सुविधा है।

शक होने पर कहते हैं खाली नहीं टैंकर
जब हमारे संवाददाता ने जगह जगह इसकी रियलटी जांची और टैंकर को रोककर पूछा कि क्या वह पानी डालने के लिए तैयार हैं तो पहले तो हां भरते लेकिन जैसे ही उन्हें यह शक होता कि यह ग्राहक नहीं कोई और है तो यह कहकर बात टाल जाते हैं टैंकर खाली नहीं है। क्योंकि उनको पता है कि अगर रेट ज्यादा मांगे तो उस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इससे बचने के लिए वह टैंकर खाली नहीं कह कर आगे बढ़ गए।

शहर में टैंकर से जल आपूर्ति के लिए दरें तय
निर्धारित दरों के अनुसार,बीकानेर शहरी क्षेत्र में पहले 5 किलोमीटर की दूरी तक टैंकर से जल आपूर्ति के लिए 105 रूपये प्रति 1000 लीटर शुल्क लिया जाएगा। इसके बाद 5 किलोमीटर से अधिक दूरी होने पर 21 रूपये प्रति 1000 लीटर प्रति किलोमीटर अतिरिक्त शुल्क निर्धारित किया गया है। इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को पहले से ही पानी की कीमत का स्पष्ट अंदाजा रहेगा और वे अनावश्यक आर्थिक बोझ से बच सकेंगे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यह निर्णय आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है,ताकि हर वर्ग को समान दर पर पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग इस व्यवस्था की नियमित निगरानी करेगा और कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर तुरंत क ार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए यहां कर सकते हैं संपर्क
प्रशासन ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील की है कि वे निर्धारित दरों से अधिक भुगतान न करें। यदि कोई टैंकर संचालक तय दरों से ज्यादा राशि मांगता है या वसूलता है,तो उसकी शिकायत तुरंत संबंधित विभाग को दी जाए। इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के नियंत्रण कक्ष-0151-2970048 और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नियंत्रण कक्ष-0151-2226454 पर संपर्क किया जा सकता है।शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग द्वारा जांच कर दोषी पाए जाने वाले टैंकर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल जल आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी,बल्कि आमजन को राहत भी मिलेगी। लेकिन हकीकत इससे परे है।