farar

तहलका न्यूज,बीकानेर। अपराधियों पर अंकुश का दावा करने वाली जिला पुलिस की स्थिति किस कदर है कि अपराधी बेखौफ अब पुलिस को ही चुनौती दे रहे है। जिसके चलते पुलिस की मौजूदगी में आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो रहा है। ताजा मामला मंगलवार सुबह का है जब कोटगेट थाना पुलिस को धक्का देकर एक आरोपी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के मामले में इस आरोपी को पकड़ा गया था और थाना पुलिस उसे मेडिकल के लिये ले जा रही थी। थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि बीती रात मारपीट के मामले में आजाद उर्फ कलवा को हिरासत में लिया गया था।मंगलवार सुबह उसे मेडिकल मुआयना के लिए पुलिसकर्मी थाने के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठाकर हॉस्पिटल ले जा रहे थे। इसी दौरान उसने दो पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और भाग निकला। दोनों पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। वह पास की गलियों के रास्ते निकल गया,जिससे पुलिस उसे तुरंत पकड़ नहीं सकी।घटना के बाद शहर के सभी थानों को अलर्ट कर तलाश शुरू की गई है और उसकी पहचान के साथ संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मारपीट के मामले के साथ अब पुलिस हिरासत से भागने का अलग केस भी दर्ज किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई होगी।

पुलिस ने जारी की पहचान और संपर्क नंबर
पुलिस के अनुसार आरोपी आजाद उर्फ कलवा पुत्र कायम, जाति सिंधी मुसलमान, उम्र 21 साल, निवासी चोखुटी फांटक हुसैनी मस्जिद के पीछे मेघवालों का मोहल्ला,थाना कोटगेट जिला बीकानेर का रहने वाला है। घटना के समय उसने क्रीम रंग की टी-शर्ट और ब्लैक लोवर पहन रखी थी। उसकी हाइट करीब 5 फुट 6 इंच है और चेहरे पर हल्की दाढ़ी है,रंग सांवला है।पुलिस ने अपील की है कि यदि यह युवक कहीं दिखाई दे तो तुरंत कोटगेट थानाधिकारी के मोबाइल नंबर 8963055555 या 0151-2226126 पर सूचना दें।