तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर की बीछवाल पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया है।महिला को श्रीगंगानगर रोड स्थित एक होटल के पीछे से पकड़ा गया।प्रारंभिक जांच में महिला के पास मिला आधार कार्ड संदिग्ध और फर्जी पाए जाने के बाद उसे हिरासत में लिया गया है।पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला अपनी पहचान और दस्तावेजों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई।इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ शुरू की।महिला के पास मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह बीकानेर किस उद्देश्य से आई थी।पुलिस को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं,जिसके बाद बीछवाल थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।तलाशी के दौरान उसके पास एक आधार कार्ड मिला,जिसकी प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दे दी है।अब विभिन्न एजेंसियां संयुक्त रूप से महिला से पूछताछ करेंगी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला वास्तव में बांग्लादेशी नागरिक है या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके पास फर्जी दस्तावेज कैसे पहुंचे और इनके पीछे क्या उद्देश्य था।आरपीएस गौरव सारस्वत ने मीडिया को बताया कि महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी,इसलिए उससे पूछताछ की जा रही है।उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला बांग्लादेश की रहने वाली है या नहीं।दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।पुलिस महिला की वास्तविक पहचान,उसके संपर्कों और बीकानेर आने के मकसद को लेकर गहराई से जांच कर रही है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं।
