859674-75199-axhywvjxyg-1511960362

तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में अब अकेला निकलते लोगों को भय सताने लगा है।अलसुबह हो या दोपहर,शाम हो या रात।आमजन अकेला सड़क या वाहन पर चलता अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।लूटपाट की दिन प्रतिदिन हो रही वारदातों ने आमजन का सुख चैन छीन लिया है।बुधवार अलसुबह एक ओर मामला सामने आया है।शहर के कोटगेट थाना इलाके में लूटपाट की एक ओर घटना सामने आई है।जिसका सीसीटीवी भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बुधवार अल सुबह साढ़े चार बजे तुलसी सर्किल क्षेत्र के सिटी स्कूल के सामने एक राहगीर से लूट की वारदात हुई है।फुटेज में प्रतीत हो रहा है कि स्कूटी सवार तीन युवक एक राहगीर का पर्स छीनकर फरार हो गये। हालांकि इन तीनों युवकों ने मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया। किन्तु वे कामयाब नहीं हो सके।मजे की बात तो यह है कि पुलिस भी इस प्रकार की घटनाओं से अन्जान है।जब उनके पास कोई फरियादी पहुंचता है तो पुलिस सचेत होकर बदमाशों का पता लगाने में जुटती है। जबकि पुलिस की ओर से अभय कमांड सेन्टर बना हुआ है।जहां पूरे शहर की हरकत स्क्रीन पर पुलिसकर्मी देख सकते है।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगा रही है।

रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे अपने घर
जानकारी के अनुसार,पेंशन विभाग में कार्यरत 59 वर्षीय हजारीलाल मीणा रेलवे स्टेशन से व्यास कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे।टैक्सी नहीं मिलने पर वे पैदल ही पब्लिक पार्क की ओर बढ़ रहे थे।इसी दौरान सिटी स्कूल के सामने उन्होंने कुछ युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा,जो राहगीरों को रोक रहे थे।इसी बीच इन युवकों ने हजारीलाल मीणा को भी रोक लिया और उनकी तलाशी लेनी शुरू कर दी।पीडित के पुत्र मनोज कुमार के अनुसार,युवकों ने उनके पिता पर्स छीन लिया,जबकि मोबाइल छीनने में वे सफल नहीं हो पाए।जब उसके पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए।मनोज कुमार ने बताया कि पर्स में एटीएम कार्ड,जरूरी दस्तावेज और नकदी रखी हुई थी।घटना के कुछ समय बाद बैंक से मोबाइल पर मैसेज आया,जिसमें एटीएम का गलत पिन दर्ज करने का अलर्ट था। इससे स्पष्ट है कि आरोपियों ने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश भी की,लेकिन असफल रहे।घटना के बाद परिजनों ने कोटगेट थाना पुलिस को लिखित परिवाद सौंप दिया है।साथ ही मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध करवाया गया है।