938299-reward-for-accident-helper

 

तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में आएं दिन हो रहे सड़क हादसों से अकाल युवा मौत के शिकार हो रहे है। मंगलवार रात जिले के पूगल थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो युवकों की जान ले ली। यह हादसा नाडा से भट्टों का कुआं के पास चिमनलाल कुम्हार रोड पर हुआ,जहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार,चानी निवासी नारायणसिंह पुत्र पूनमसिंह राजपूत ने बताया कि पिकअप (नंबर आरजे 07 जीई 7421) का चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप चालक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल (नंबर आरजे 07 आरएस1166) को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।

​पिकअप के नीचे आए युवक
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। बाइक पर सवार मंजीत सिंह और अजीत सिंह सीधे पिकअप के नीचे आ गए,जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए,जहाँ चिकि त्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

​जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पूगल के एसडीएच अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।