तहलका न्यूज,बीकानेर। दिन-ब-दिन तल्ख होती जा रही गर्मी ने लोगों का हाल खराब कर दिया है।गर्मी से परेशान लोग आगामी दिनों में गर्मी की भयावहता के अंदाजे से ही चिंतित हो रहे हैं। जिल ेभर में पड़ी गर्मी और मध्याह्न बाद हुई उमस से न केवल आमजन बल्कि निराश्रित पशु-पक्षियों को भी बेहाल कर दिया। तेज हो रही गर्मी में लोगों की दिनचर्या में खासा बदलाव आ रहा है। लोग सुबह जल्दी उठकर अपने कार्य निपटाने में लगे हैं।सुबह नौ बजे से ही सूरज अपने तेवर दिखाना शुरू कर देता है।आज सवेरे से ही उमस व गर्मी के चलते लोग पसीने से तरबतर दिखे।उमस के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।तेज गर्मी के चलते दोपहर में सड़कों पर कम वाहन ही नजर आए।क्षेत्र में तन झुलसाने वाली गर्मी में विद्युत कटौती आग में घी का काम कर रही है।ऐसे में पंखे व कूलर भी नाकारा साबित हो रहे है। गर्मी से बचाव के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते दिख रहे है।
ठंडा-ठंडा कूल-कूल
तेज हो रही गर्मी से निजात पाने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थो का सेवन करते नजर आए। दोपहर व शाम को शहर में विभिन्न ज्यूस कॉर्नर व शीतल पेय पदार्थो की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आती है।गर्मी से निजात पाने के लिए लोग दिनभर पंखों व कूलर के आगे बैठे नजर आए।गर्मी में इजाफा होने के साथ ही घरों के अलावा विभिन्न कार्यालयों में भी कार्मिक दिनभर कूलर के आगे बैठे नजर आए।वहीं कार्यालयी कर्मचारी और अधिकारी भी पंखों कूलर की शरण में रहे।
रात को भी गर्म हवा
हालात यह है कि मंगलवार रात में भी गर्म हवा चलने से लोगों को परेशान होना पड़ा है। रात को करीब दो बजे तक ठंडी नहीं होती है।ऐसे में देर रात तक गर्म हवा से लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।वहीं छत पर रखी प्लास्टिक की टंकियों में पानी गर्म रहता है।
तरह-तरह के जतन
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग तरह-तरह के जतन कर रहे हैं।बर्फ के गोले,आइसक्रीम,कोल्ड ड्रिंक्स,बेल के शर्बत,नींबू की शिकंजी व जूस के ठेलों व दुकानों पर भीड़ उमड़ती रही।सूखे हलक को तर करने के लिए लोग ठंडे पेय को प्राथमिकता दे रहे हैं।वहीं कई जगह छाछ,लस्सी की अस्थाई दुकानों पर भी भीड़ रही।बाजार में कुल्फी के ठेलों पर भी अच्छी खासी बिक्री हो रही है।कृषि वैज्ञानिकों ने तेज गर्मी एवं बढ़ते तापमान को शुभ संकेत बताया है। उनके अनुसार इन दिनों जितना तापमान होगा उतनी ही अधिक एवं जल्दी बारिश की संभावना बनेगी।बढ़ते तापमान से अच्छी व जल्दी बारिश की संभावनाएं बन रही है।
सीएमएचओं की बिगड़ी हालात
प्रचण्ड गर्मी की चपेट में आने से बुधवार को बीकानेर सीएमएचओं डॉ.पुखराज साध की तबीयत भी बिगड़ गई जिन्ह पीबीएम की मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।उनका इलाज कर डॉक्टर्स हीटस्ट्रोक से इंकार किया है,मगर आशंका जताई है कि दूषित पानी या फूड्स की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी है।परिजनों की मानें तो सुबह उठते ही उन्हे उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई थी,देर सुबह तक उनका जी घबराने लगा और तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। जिन्हे तुंरत पीबीएम लाया गया,जहां एसपी मेडिकल कॉलेज प्रिसिंपल डॉ.सुरेन्द्र वर्मा यूनिट की टीम उनका इलाज कर रही है।
