तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के खाजूवाला में 17 वर्षीय युवक के इंदिरा गांधी नहर में गिरने की आशंका के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पूगल क्षेत्र में नहर किनारे युवक के कपड़े और बैग मिलने के बाद डूबने की आशंका और गहरा गई है।जानकारी के अनुसार खाजूवाला के वार्ड नंबर 19 निवासी नरेश सोनी (17) पुत्र सोनू सोनी रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर से किसी बात को लेकर निकल गया था। इसके बाद से वह लापता है। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान युवक का बैग और कपड़े इंदिरा गांधी नहर के पास मिले।
नहर किनारे मिले कपड़े और बैग
सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को आईजीएनपी नहर की आरडी 685 के पास युवक का बैग और कपड़े मिले। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक आरडी 682 के आसपास नहर में गिरा हो सकता है और तेज बहाव के कारण आगे बह गया होगा।
एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और बचाव दल लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। गोताखोर और बचावकर्मी नहर के विभिन्न हिस्सों में युवक की तलाश कर रहे हैं।थानाधिकारी समरवीर सिंह ने बताया कि नहर किनारे मिले सामान के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक वास्तव में नहर में गिरा है या नहीं।
परिजनों की बढ़ी चिंता
युवक के कपड़े और बैग मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है। दो दिनों से लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिलने से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।मौके पर थानाधिकारी समरवीर सिंह,एएसआई धर्माराम गोदारा, दयानंद, शंभू सिंह सहित पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे तथा तलाश अभियान जारी रखा गया।
