aadil

तहलका न्यूज,बीकानेर। एक तरफ जिला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिये हर संभव प्रयास कर रही है।वहीं दूसरी ओर अपराधिक वारदातें बढ़ती ही जा रही है।पिछले पांच दिनों में चाकूबाजी,तलवारबाजी,पत्थरबाजी सहित मारपीट की अनेक वारदातें सामने आ चुकी है।ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र का है।जहां एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार सुभाषपुरा निवासी आदिल पुत्र रजाक पर देर रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में आदिल के शरीर पर कई जगह चाकू के घाव आए हैं।गंभीर हालत में उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया,जहां उसका उपचार जारी है।आदिल के पिता रज्जाक ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि आदिल घर पर अकेला था।तभी साहिल व एक अन्य युवक उसके घर आया।साहिल को आवाज देकर बाहर बुलाया। कहा,शादी में चलना है। फिर उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर लालगढ़ रेल्वे स्टेशन के पास ले गए। जहां उसे चाकू मारा गया।चिकित्सकों की टीम घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी नयाशहर थाना क्षेत्र के सोनगिरी कुआं इलाके में इरफान पुत्र कुदरत अली चौहान पर कुछ युवकों द्वारा चाकू से हमला किया गया था,जिसका इलाज अभी भी पीबीएम अस्पताल में चल रहा है।